1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. तीन राज्यों में भूकंप से मची हलचल, लोगों में दहशत

तीन राज्यों में भूकंप से मची हलचल, लोगों में दहशत

Earthquake in India: मध्य प्रदेश के खरगोन, महाराष्ट्र के जलगांव और उत्तराखंड के बागेश्वर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। खरगोन में तीव्रता 4.5 दर्ज की गई। यहां जानें पूरी खबर

By: Aparna Panwar 
Updated:
तीन राज्यों में भूकंप से मची हलचल, लोगों में दहशत

Earthquake in India: देश के तीन राज्यों में भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में बीती रात से लेकर शनिवार सुबह तक धरती में कंपन महसूस किया गया है। बता दें भूकंप की तीव्रता 4 से ज्यादा होने के कारण कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी राज्य से जान-माल के नुकसान की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, मध्य प्रदेश के खरगोन में शनिवार सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर भूकंप आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई। वहीं महाराष्ट्र के जलगांव में सुबह करीब 9 बजकर 10 मिनट पर धरती में कंपन महसूस किया गया। इससे पहले उत्तराखंड के बागेश्वर में देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

मध्य प्रदेश के खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, सुबह करीब 9:15 बजे धरती में कंपन महसूस हुआ। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई। इसका केंद्र खरगोन में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था।

दरसअल, अचानक आए झटकों के कारण लोग सतर्क हो गए। ऐसे में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले 18 अक्टूबर को भी खरगोन में 3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

महाराष्ट्र के जलगांव में भी कांपी धरती

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में शनिवार सुबह करीब 9:10 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिले के रावेर, कर्जोद, खिर्डी, ऐनपुर, निंभोरा, सावदा और भुसावल सहित आसपास के इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया।

दरसअल, अचानक धरती हिलने से कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी के घायल होने या मकानों को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।

उत्तराखंड के बागेश्वर में देर रात आया भूकंप

उत्तराखंड के बागेश्वर में भी देर रात 12 बजकर 27 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र पिथौरागढ़ क्षेत्र में बताया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने भूकंप की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि रात के समय झटके महसूस होने पर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोग एहतियात के तौर पर काफी देर तक सड़कों पर रहे। फिलहाल तीनों राज्यों में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र SIR में बड़ा अपडेट, वोटर लिस्ट में जुड़े 1.22 करोड़ नए नाम

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...