Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश में कांग्रेस की राजनीति के बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है। बता दे आज शनिवार को राजधानी भोपाल में नकुलनाथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मौजूदगी को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
जानकारी के लिए बता दें बाल दिवस और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर नकुलनाथ और जीतू पटवारी रोशनपुरा चौराहे पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
इसके बाद कमलनाथ के श्यामला हिल्स स्थित शासकीय आवास पर दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगामी 18 नवंबर को कमलनाथ के जन्मदिन के अवसर पर कार्यकर्ताओं के बीच केक काटा गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को नकुलनाथ के भोपाल में राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
दरसअल, मध्यप्रदेश कांग्रेस में अपनी भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर नकुलनाथ ने कहा कि कांग्रेस में हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। जिसमें उन्होंने कहा कि नेहरू जयंती पर पार्टी के सभी नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं और इसके बाद दीपावली मिलन समारोह में शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नकुलनाथ की राजनीतिक भूमिका पर कहा कि वे कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद हैं। कार्यकर्ताओं के बीच उनका सम्मान है और आगे भी बना रहेगा। पटवारी ने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष होने के नाते नकुलनाथ उनके भाई हैं और उनके सम्मान को बढ़ाने के लिए वे पूरी क्षमता से प्रयास करेंगे।
बीजेपी की ओर से कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों पर पटवारी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता एकजुट था, एकजुट है और आगे भी एकजुट रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीन हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने का आरोप लगाते हुए सरकार को कर्ज, करप्शन और क्राइम की सरकार बताया।
पटवारी ने कहा कि सरकार के पास 812 दिन बचे हैं। सरकार को विकास के काम करने चाहिए और कांग्रेस इसमें सहयोग करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस में कमलनाथ परिवार की भूमिका और नकुलनाथ की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी की किताब से गोधरा कांड पर बड़ा विवाद, पूर्व सीबीआई अधिकारी ने दिया जवाब
