Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव, सम्मान और विकास का उत्सव मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव सप्ताह समारोह में सहभागिता की। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ विकास कार्यों पर भी विशेष जोर दिया गया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संस्कारधानी जबलपुर को 133 करोड़ रुपये की लागत वाले पांच विकास कार्यों की सौगात दी। इन विकास कार्यों को शहर और क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का मुख्या उद्देश्य विकास योजनाओं के माध्यम से स्थानीय सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बता दें कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के धर्मगुरुओं का अभिनंदन किया। इसके साथ ही देश और विदेश में अपनी प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों से मध्य प्रदेश का नाम रोशन करने वाली जनजातीय प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
राष्ट्रीय जनजातीय गौरव सप्ताह समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जनजातीय परंपराओं के अनुसार आत्मीय स्वागत किया गया। उन्हें पारंपरिक साफा बांधा गया और तीर-कमान भेंट किया गया। इस दौरान समारोह में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली।
गौरतलब है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य जनजातीय नायकों के योगदान को याद करना, समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति देना है।
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी की किताब से गोधरा कांड पर बड़ा विवाद, पूर्व सीबीआई अधिकारी ने दिया जवाब