Rahul Gandhi News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग (Phone Tapping) कराने के आरोप लगाए जाने के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा का बड़ा बयान सामने आया है। बता दें पित्रोदा ने राहुल गांधी के आरोपों पर अपनी राय रखते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद फोन टैपिंग करते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
सैम पित्रोदा ने एक खास इंटरव्यू में फोन टैपिंग के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करते। वह कोई पेचकस लेकर कंप्यूटर पर नहीं बैठ जाते।” उनके इस बयान को राहुल गांधी के आरोपों से अलग नजरिए के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पित्रोदा ने अपने फोन और डिजिटल उपकरणों की निगरानी किए जाने की आशंका भी जताई। उन्होंने दावा किया कि उनका फोन टैप किया जाता है, लैपटॉप पर साइबर अटैक होते हैं और बैंक खातों पर भी नजर रखी जाती है।
पित्रोदा का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट्स से बातचीत की थी। एक्सपर्ट्स ने उनके डिजिटल उपकरणों की जांच करने के बाद उन्हें संभावित निगरानी को लेकर अलर्ट किया था।
दरअसल, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप कराने का आरोप लगाया था। कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल से साझा किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए नजर आए।
वीडियो में राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके फोन में ऐसी जानकारियां और सबूत मौजूद हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि आमने-सामने की बहस होने पर कई बातें सामने आ सकती हैं। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को उनके फोन में मौजूद जानकारियों के बारे में पता है और इसी वजह से उनका फोन टैप कराया गया है।
राहुल गांधी के आरोप और सैम पित्रोदा के बयान के बीच दोनों नेताओं के नजरिए में अंतर दिखाई दे रहा है। एक तरफ राहुल गांधी सीधे प्रधानमंत्री पर फोन टैपिंग कराने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पित्रोदा ने प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत भूमिका पर सवाल उठाते हुए अपनी आशंका साइबर निगरानी और डिजिटल हमलों तक सीमित रखी है। फिलहाल फोन टैपिंग को लेकर लगाए गए इन आरोपों पर राजनीतिक बहस जारी है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश और कोहरा को लेकर IMD का अलर्ट