Madhya Pradesh News: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। दरसअल, जिलाधिकारी शशांक चौधरी की मौजूदगी में एचएएल कोरवा के ऑडिटोरियम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) की जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सरकारी एवं निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं ने हिस्सा लिया।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना और स्वास्थ्य सेवाओं को ज्यादा पारदर्शी, आधुनिक एवं प्रभावी बनाना रहा। इस दौरान डिजिटल तकनीक के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यशाला में हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR), हेल्थ प्रोफेशनल्स रजिस्ट्री (HPR) और आभा आईडी (ABHA ID) की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। जिसमें बताया गया कि इन डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से अस्पतालों, चिकित्सकों और आम नागरिकों को एकीकृत स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ा जा सकता है।
वहीं, इस व्यवस्था से मरीजों की पुरानी मेडिकल हिस्ट्री, जांच रिपोर्ट और डॉक्टरों के परामर्श को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखना आसान होगा। जरूरत पड़ने पर मरीज की सहमति से इन रिकॉर्ड को संबंधित चिकित्सकों के साथ साझा भी किया जा सकेगा। इससे इलाज की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनेगी।
लखनऊ से आए एक्सपर्ट्स ने प्रोजेक्टर के माध्यम से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की कार्यप्रणाली, तकनीकी पहलुओं और इसके फायदों की विस्तृत जानकारी दी। जिसमें सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों से डिजिटल पंजीकरण को प्राथमिकता देने की अपील की गई। साथ ही आम नागरिकों को आभा आईडी के महत्व और इसके इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
कार्यशाला के दौरान आयुष्मान भारत योजना के आठ वर्ष पूरे होने पर जिले की उपलब्धियां भी साझा की गईं। जिसमें बताया गया कि योजना के तहत अब तक करीब 72 हजार मरीजों का उपचार कराया जा चुका है। इस पर लगभग 115 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
जिलाधिकारी की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यशाला के माध्यम से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। इसका उद्देश्य अमेठी के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें: गोरखपुर में 2020 बैच का पावर कॉम्बिनेशन, चार IAS, विकास की चार दिशाएं
