Delhi-NCR Air Pollution: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण (Air Pollution) के स्तर में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। दरसअल आज सोमवार, 16 नवंबर को दिल्ली की हवा बेहद खराब श्रेणी से निकलकर खराब श्रेणी में पहुंच गई। हालांकि, कई इलाकों में अब भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। बता दें दिल्ली के दो इलाकों में AQI 300 के पार दर्ज किया गया, जबकि नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है।
जानकरी के मुताबिक दिल्ली में प्रदूषण (Delhi Pollution) से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन कई इलाकों में सांस लेना अब भी मुश्किल बना हुआ है। सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, सिरीफोर्ट में सबसे अधिक 350 और दक्षिण-पश्चिम द्वारका में 327 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा चांदनी चौक में 272, ITO में 269, नरेला में 264, पंजाबी बाग में 280, IIT दिल्ली में 259, मुंडका में 251, बुराड़ी क्रॉसिंग में 254 और जहांगीरपुरी में 242 AQI रिकॉर्ड हुआ। वहीं, रोहिणी में 219, विवेक विहार में 220, आरके पुरम में 211, अशोक विहार में 210 और नांगलोई में 208 AQI दर्ज किया गया। दूसरी ओर लोधी रोड में 155, नजफगढ़ में 144 और कैंटोनमेंट इलाके में 96 AQI रहा।
दिल्ली से सटे एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण का असर देखने को मिल रहा है। नोएडा में 313, गुरुग्राम में 324 और फरीदाबाद में 311 AQI दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी के साथ-साथ आसपास के शहरों में भी वायु प्रदूषण लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह और शाम के समय धुंध छाने से ठंड का असर बढ़ सकता है। वहीं, 21 नवंबर तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से देश के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बर्फबारी के आसार हैं।
दिल्ली में बारिश नहीं होने के कारण प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम है। ऐसे में दिल्ली सरकार क्लाउड सीडिंग के विकल्प पर विचार कर रही है। इसके जरिए कृत्रिम बारिश कराने की योजना पर मंथन किया जा रहा है, ताकि वातावरण में मौजूद प्रदूषक कणों को कम करने में मदद मिल सके। फिलहाल दिल्ली-NCR के लोगों को हवा की गुणवत्ता में पूरी तरह सुधार होने का इंतजार है।
ये भी पढ़ें: फिलीपींस में पीएम मोदी का शक्ति प्रदर्शन, ASEAN-Quad पर नजर