Varanasi Chhath Puja 2026: धर्म और आस्था की नगरी काशी में आज सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा का भव्य समापन हो गया। बता दें आज सुबह की पहली किरण के साथ ही गंगा के प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दशाश्वमेध, अस्सी और राजघाट समेत शहर के विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों ने पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की।
जानकारी के लिए बता दें छठ महापर्व के अंतिम दिन सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की सामग्री और पारंपरिक प्रसाद लेकर गंगा घाटों पर पहुंचीं। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, वैसे ही व्रतियों ने कमर भर गंगा के पवित्र जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया।
वहीं, इस दौरान पूरे घाट क्षेत्र में छठ मैया के पारंपरिक लोकगीतों और शंखनाद की गूंज सुनाई दी। भक्ति और श्रद्धा से सराबोर काशी का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी सूर्य देव और छठी मैया के जयकारे लगाए।
ऐसे में छठ व्रत रखने वाली महिलाओं ने भगवान सूर्य और छठी मैया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए अर्घ्य दिया और छठी मैया की आराधना की।
दरसअल, उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद छठ व्रतियों ने पूजा संपन्न की और एक-दूसरे को प्रसाद वितरित किया। इसके साथ ही करीब 36 घंटे तक चले कठिन निर्जला व्रत का पारण किया गया। परिवार के सदस्यों और परिचितों ने भी एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर व्रती महिलाओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने छठ पूजा के महत्व और अपनी आस्था को लेकर विचार साझा किए। चार दिनों तक चले इस महापर्व के समापन के साथ ही काशी के घाटों पर श्रद्धा, भक्ति और लोकसंस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली।
ये भी पढ़ें: पांचालघाट पर उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, छठ पूजा हुई संपन्न