Chhath Puja 2026: देशभर में चार दिनों तक आस्था और भक्ति के साथ मनाया गया छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। बता दें इस मौके पर बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में श्रद्धालुओं ने घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की है। जिसमें व्रती महिलाओं और पुरुषों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
जानकारी के लिए बता दें आज छठ पूजा के अंतिम दिन आम लोगों के साथ देश के कई बड़े राजनीतिक चेहरे भी इस महापर्व में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और सांसद मनोज तिवारी समेत कई नेताओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के समापन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए देशवासियों को बधाई दी। जिसमें उन्होंने कहा कि उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान पूरा हुआ है। पीएम मोदी ने छठी मइया से सभी व्रतियों और देशवासियों को अपना आशीर्वाद देने की प्रार्थना की। उन्होंने इस पर्व को प्रकृति के प्रति समर्पण, दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का प्रतीक बताया।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छठ पूजा के अंतिम दिन घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी पत्नी दीपमाला के साथ छठ पूजा के सभी विधि-विधान पूरे किए। उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मइया से बिहार सहित पूरे देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं नितिन नबीन ने कहा कि छठ पर्व स्वच्छता, पवित्रता, अनुशासन और शुचिता का संदेश देता है। यह पर्व अब देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में भी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ घाट पहुंचकर छठ पूजा के अंतिम दिन के अनुष्ठान में हिस्सा लिया। जिसमें उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार घाट पर छठ पूजा की। उन्होंने बताया कि यमुना किनारे करीब 15 किलोमीटर तक छठ महापर्व का आयोजन किया गया है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी पत्नी के साथ कुनकुरी में छठ पूजा की है। इस दौरान उन्होंने छठ घाट निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया। वहीं, गोरखपुर में बीजेपी सांसद रवि किशन गोरखनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और पूजा में शामिल हुए। इस तरह देशभर में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन हुआ। घाटों पर भक्ति, आस्था और लोकपरंपरा की अद्भुत झलक देखने को मिली।
ये भी पढ़ें: जय शाह फिर बने ICC के चेयरमैन, लगातार दूसरी बार मिली कमान