PM Modi Philippines Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रवाना हो गए हैं। बता दें इस यात्रा को भारत की विदेश नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वह क्वाड शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे, जहां ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के नेताओं के साथ क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
आपकी जानकारी के लिए बता दें इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच व्यापार, निवेश और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और बदलते भू-राजनीतिक हालात पर भी बातचीत होने की संभावना है।
दरसअल, हिंद और प्रशांत महासागर में चीन के बढ़ते प्रभाव के कारण क्षेत्रीय सुरक्षा का मुद्दा लगातार महत्वपूर्ण होता जा रहा है। ऐसे में आसियान और क्वाड देशों की बैठक पर दुनिया की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि सम्मेलन में समुद्री रास्तों की सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और आतंकवाद जैसी चुनौतियों पर चर्चा हो सकती है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर सोमवार को आसियान और उसके साझेदार देशों के नेताओं के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।
मनीला में होने वाला 23वां आसियान-भारत शिखर सम्मेलन आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने का बड़ा अवसर है। विदेश मंत्रालय के सचिव रुद्रेंद्र टंडन के अनुसार, भारत और आसियान देशों के बीच सालाना व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर का है। बैठक में व्यापार बढ़ाने, निवेश के नए अवसर तलाशने और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
भारत दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा संबंधों को भी विस्तार देना चाहता है। इसके लिए गश्ती जहाज, रडार, वायु रक्षा प्रणाली, हेलीकॉप्टर और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों में सहयोग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
बता दें इससे पहले फिलीपींस के सेबू में आयोजित आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि इस अभियान ने राज्य प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की स्पष्ट नीति और मजबूत रुख को प्रदर्शित किया। कुल मिलाकर पीएम मोदी का यह दौरा भारत के आर्थिक हितों, रक्षा साझेदारी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक भूमिका को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: वाराणसी के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, छठ पूजा हुई संपन्न