Horticulture Production: भारत के कृषि क्षेत्र के लिए अच्छी खबर है। देश में बागवानी फसलों के उत्पादन में इस साल बड़ी बढ़ोतरी होने का अनुमान है। दरसअल, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज 17 नवंबर 2026 यानी मंगलवार के दिन को वर्ष 2025-26 के लिए बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तीसरे अग्रिम अनुमान जारी किए। इसके मुताबिक, देश में कुल बागवानी उत्पादन बढ़कर 3869.15 लाख टन होने की संभावना है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह आंकड़ा पिछले साल 2024-25 के 3707.38 लाख टन उत्पादन से 161.77 लाख टन यानी 4.36% से ज्यादा है। शिवराज सिंह चौहान ने इस उपलब्धि का श्रेय किसानों की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की किसान हितैषी नीतियों को दिया।
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, साल 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल 297.21 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है। पिछले साल यह 301.36 लाख हेक्टेयर था। यानी खेती का रकबा घटने के बावजूद उत्पादन में बढ़ोतरी दर्ज होने की उम्मीद है।
अनुमान के मुताबिक, फलों का उत्पादन 4.60 फीसदी बढ़कर 1230.66 लाख टन पहुंच सकता है। वहीं, सब्जियों का उत्पादन 4.35 फीसदी बढ़कर 2272.68 लाख टन होने की संभावना है।
सब्जियों में आलू की पैदावार सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसका उत्पादन 11.95 फीसदी बढ़कर 655.70 लाख टन पहुंचने का अनुमान है। वहीं, टमाटर का उत्पादन बढ़कर 214.11 लाख टन और प्याज का 288.96 लाख टन रहने की उम्मीद है।
फूलों के उत्पादन में 14.45 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान है। इसके साथ उत्पादन 48.82 लाख टन तक पहुंच सकता है। वहीं, सुपारी, नारियल, काजू और कोको जैसी रोपण फसलों का उत्पादन 7.56 फीसदी बढ़कर 182.64 लाख टन होने की संभावना है।
सुगंधित एवं औषधीय पौधों का उत्पादन भी बढ़कर 9.28 लाख टन रहने का अनुमान है। इसके अलावा हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार से मसालों का उत्पादन 123.54 लाख टन पहुंचने की उम्मीद है।
शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि बागवानी उत्पादन में बढ़ोतरी से देश की पोषण सुरक्षा मजबूत होगी। साथ ही किसानों को फल, सब्जियां, फूल और मसालों की खेती से आय के नए अवसर मिलेंगे। सरकार का मानना है कि खेती में विविधीकरण से किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदूषण से बिगड़े हालात, AIIMS और ITO में हवा हुई बेहद खराब