Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया है। जिसमें खासतौर पर एम्स (AIIMS) और आईटीओ (ITO) जैसे व्यस्त इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा दर्ज किया गया है।
आंकड़ों के अनुसार, एम्स इलाके में AQI 358 और आईटीओ में 349 दर्ज किया गया। हवा की इस खराब स्थिति के कारण लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई है। सिरी फोर्ट में AQI 336 और एनएसआईटी द्वारका में 332 दर्ज किया गया। वहीं, सराय काले खां में AQI 259, पंजाबी बाग में 268, पूसा में 275 और दिल्ली सचिवालय में 269 रहा। इसके अलावा कनॉट प्लेस में AQI 237, जेएलएन स्टेडियम में 243, आनंद विहार में 222 और अक्षरधाम मंदिर के आसपास 222 दर्ज किया गया। ये सभी इलाके खराब वायु गुणवत्ता की श्रेणी में शामिल हैं।
बता दें दिल्ली के कुछ हिस्सों में प्रदूषण का स्तर दूसरे इलाकों की तुलना में कम दर्ज किया गया। धौला कुआं में AQI 153 और इंडिया गेट के आसपास 198 रहा। वहीं, आनंद पर्वत में AQI करीब 171 दर्ज किया गया।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, प्रदूषण का बढ़ता स्तर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए अधिक परेशानी पैदा कर सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह और शाम के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए।
ऐसे में जरूरत पड़ने पर घर से बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें। साथ ही खुले में व्यायाम करने से बचें और आंखों में जलन या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें। दिल्ली में बढ़ता वायु प्रदूषण अब आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।
ये भी पढ़ें: नमो भारत की फास्ट ट्रेन हुई शुरू, अब दिल्ली से मेरठ पहुंचने में लगेंगे सिर्फ 36 मिनट