Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड की दूसरी अयोध्या कही जाने वाली ओरछा नगरी में स्थित भगवान रामराजा मंदिर के खजाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बता दें मंदिर की तिजोरी को कथित तौर पर ताले काटकर गुपचुप तरीके से खोले जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के ट्वीट के बाद इस मामले में कांग्रेस ने भी जिला प्रशासन को घेरना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर ऐसी क्या जरूरत पड़ गई थी कि खजाने के ताले काटने पड़े। साथ ही, उन्होंने कहा कि उनकी सनातन यात्रा 26 नवंबर (Sanatan Yatra 26 November 2026) को ओरछा पहुंचेगी और वहां इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
विवाद बढ़ने के बाद जिला प्रशासन बचाव की मुद्रा में है। प्रशासन ने मंदिर के खजाने को खोलकर उसमें रखे दान में प्राप्त आभूषणों और अन्य सामग्रियों का सत्यापन कराने की बात स्वीकार की है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि ताले काटे जाने की खबर असत्य और भ्रामक है।
कलेक्टर जमुना भिड़े के आदेश पर छह सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। इस कमेटी ने 2 और 3 नवंबर 2026 को खजाने में रखी सामग्री का सत्यापन किया। गौरतलब है कि रामराजा मंदिर की व्यवस्था के लिए शासकीय ट्रस्ट बना हुआ है, जिसके मुख्य व्यवस्थापक जिले के कलेक्टर होते हैं। स्थानीय स्तर पर तहसीलदार मंदिर की व्यवस्थाएं देखते हैं। बता दें इससे पहले भी मंदिर के खजाने का सत्यापन कराया जा चुका है। वर्ष 2007 और 2008 में भी खजाना खोलने की तैयारी हुई थी, लेकिन विरोध के बाद प्रक्रिया रोक दी गई थी।
दरसअल, मामले में कांग्रेस ने भी गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी प्रवक्ता अवनीश बुंदेला ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा मंदिर की तिजोरी मनमाने तरीके से खोली गई। उन्होंने आशंका जताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की और सवाल किया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 7 नवंबर को ओरछा पहुंचने के दौरान इस मामले का संज्ञान क्यों नहीं लिया।
खजाना खोले जाने की खबर से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। जिसमें उनका कहना है कि मंदिर की तिजोरी में बहुमूल्य हीरे-जवाहरात और आभूषण रखे हैं। ऐसे में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। अब इस विवाद पर प्रशासन की अगली कार्रवाई और सरकार के रुख पर सभी की नजरें टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी का बड़ा संदेश, कहा- भारत-आसियान मिलकर बढ़ाएंगे सहयोग