Horticulture Production: भारत में बागवानी क्षेत्र के लिए अच्छी खबर सामने आई है। बता दें वर्ष 2025-26 में देश का कुल बागवानी उत्पादन बढ़कर 386.91 मिलियन टन पहुंचने का अनुमान है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 17 नवंबर को बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के तीसरे अग्रिम अनुमान जारी किए। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष 2024-25 में बागवानी उत्पादन 370.74 मिलियन टन था। इस बार इसमें 4.36 प्रतिशत यानी करीब 16.17 मिलियन टन की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि यह उपलब्धि किसानों की मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम है। रिकॉर्ड उत्पादन से देश की पोषण सुरक्षा मजबूत होगी और किसानों की आमदनी बढ़ाने के नए अवसर भी पैदा होंगे।
कृषि मंत्रालय के अनुमान के अनुसार, वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल रकबा करीब 297.21 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जबकि पिछले साल यह 301.36 लाख हेक्टेयर था। यानी खेती का क्षेत्रफल घटने के बावजूद उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद है। जिससे यह बेहतर उत्पादकता और किसानों के फसल विविधीकरण को दर्शाता है।
जानकारी के लिए बता दें फलों का उत्पादन 4.60% बढ़कर 1,230.66 लाख टन पहुंचने का अनुमान है। जिसमें केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल के उत्पादन में बढ़ोतरी इसकी प्रमुख वजह है।
वहीं, सब्जियों का उत्पादन 4.35 प्रतिशत बढ़कर 2,272.68 लाख टन होने की संभावना है। आलू का उत्पादन करीब 11.95 प्रतिशत बढ़कर 655.70 लाख टन पहुंच सकता है। टमाटर का उत्पादन 214.11 लाख टन और प्याज का 288.96 लाख टन अनुमानित है।
फूलों के उत्पादन में करीब 14.45 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। उत्पादन 42.65 लाख टन से बढ़कर 48.82 लाख टन हो सकता है। वहीं, नारियल, काजू, सुपारी और कोको जैसी बागान फसलों का उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन रहने का अनुमान है।
मसालों का उत्पादन 123.54 लाख टन रहने की संभावना है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ फल, सब्जियां, मसाले और अधिक मूल्य वाली फसलों की ओर भी बढ़ रहे हैं। इससे खेती में विविधता आएगी और किसानों के लिए कमाई के नए रास्ते खुलेंगे।
ये भी पढ़ें: किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, देश में बागवानी उत्पादन ने बनाया नया रिकॉर्ड