सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram इस्तेमाल करने वाले भारतीय यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव किया गया है। Meta ने भारत में अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम को अपडेट किया है। इसके बाद यूजर्स को Instagram की फीड, Reels और Explore सेक्शन में अश्लीलता से जुड़े और हिंसक वीडियो पहले के मुकाबले कम दिखाई देंगे। कंपनी ने यह कदम यूजर्स के फीडबैक और भारत में कंटेंट सुरक्षा को मजबूत बनाने के प्रयासों के तहत उठाया है। Meta के मुताबिक, अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से ऐसे कंटेंट की पहचान की जाएगी, जिन्हें यूजर्स को सुझाया जाना उचित नहीं है। खास बात यह है कि यह बदलाव भारत के यूजर्स को ध्यान में रखकर किया गया है।
Meta ने अपने रिकमेंडेशन सिस्टम में सुधार करते हुए अश्लीलता और हिंसा से जुड़े कंटेंट को कम प्रमोट करने की व्यवस्था की है। यह बदलाव मुख्य रूप से उन अकाउंट्स की पोस्ट पर लागू होगा, जिन्हें यूजर्स फॉलो नहीं करते हैं। इसमें Instagram Reels, Explore और मुख्य फीड में दिखाई देने वाले सुझाए गए पोस्ट शामिल हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ऐसे सभी पोस्ट प्लेटफॉर्म से हटा दिए जाएंगे। जो पोस्ट Instagram के कम्युनिटी नियमों का उल्लंघन नहीं करतीं, वे प्लेटफॉर्म पर मौजूद रह सकती हैं, लेकिन उन्हें रिकमेंड किए जाने की संभावना कम होगी।
Meta अब अपने सिस्टम में पहले से ज्यादा सक्षम AI मॉडल का इस्तेमाल कर रहा है। इनकी मदद से कंटेंट का विश्लेषण किया जाएगा, ताकि किसी यूजर की शिकायत आने से पहले ही अनुचित सामग्री की पहचान की जा सके। कंपनी का कहना है कि भारत में रिकमेंडेशन सिस्टम को विशेष रूप से बेहतर बनाया गया है। Meta के अनुसार, इन बदलावों के बाद पिछले एक साल की तुलना में यूजर्स ने सुझाए गए कंटेंट की शिकायत लगभग आधी बार की है।
Instagram पर दिखाई जाने वाली सामग्री को लेकर केंद्र सरकार ने पहले भी चिंता जताई थी। 10 अक्टूबर 2026 को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Meta को एडवाइजरी जारी कर अपने कंटेंट रैंकिंग और रिकमेंडेशन सिस्टम की समीक्षा करने का सुझाव दिया था। मंत्रालय ने कहा था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, छेड़छाड़ किए गए और बिना उचित संदर्भ के पेश किए गए फोटो-वीडियो को जरूरत से ज्यादा बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए।इसके अलावा ऐसी सामग्री पर निगरानी मजबूत करने की बात कही गई थी, जिससे हिंसा भड़कने या सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा हो सकता है।
Read More – Kejriwal Sheesh Mahal: आम जनता के लिए खुलेगा केजरीवाल का शीश महल, अगले हफ्ते से एंट्री – RNI News

सरकार ने Meta को यह भी सुझाव दिया था कि उसके रिकमेंडेशन सिस्टम के कारण यूजर्स तक केवल सीमित विचार या एक ही तरह के नैरेटिव न पहुंचें। मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि अलग-अलग विषयों और विचारों से जुड़ी सामग्री को भी उचित स्थान मिले। साथ ही, किसी सार्वजनिक घटना से जुड़े फोटो और वीडियो की तारीख, स्थान और वास्तविक संदर्भ को लेकर भी पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया था। हालांकि, Meta ने अपने नए बदलावों को सीधे तौर पर सरकारी एडवाइजरी का परिणाम नहीं बताया है।
Meta ने यूजर्स को अपनी पसंद के अनुसार कंटेंट नियंत्रित करने के कई विकल्प भी दिए हैं। इनकी मदद से लोग अपनी फीड में दिखाई देने वाली सामग्री को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं।
इन विकल्पों की मदद से यूजर्स Instagram पर अपने अनुभव को अपनी पसंद के मुताबिक बना सकते हैं।
Meta के इस बदलाव से भारतीय यूजर्स को Instagram पर पहले की तुलना में कम संवेदनशील और हिंसक कंटेंट सुझाए जाने की उम्मीद है। खासकर Reels और Explore सेक्शन में अनचाहे वीडियो की संख्या कम करने पर जोर दिया गया है।हालांकि, यह बदलाव सभी तरह की आपत्तिजनक सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे कंटेंट को यूजर्स तक पहुंचने से रोकना है, जिसे प्लेटफॉर्म अपनी रिकमेंडेशन गाइडलाइंस के तहत प्रमोट नहीं करना चाहता।