1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. योगी के गढ़ में अखिलेश का शक्ति प्रदर्शन, पीडीए रथ से 2027 का सियासी संदेश

योगी के गढ़ में अखिलेश का शक्ति प्रदर्शन, पीडीए रथ से 2027 का सियासी संदेश

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में पीडीए रथ से करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। तीन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरकर 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने शक्ति प्रदर्शन किया।

By: Aparna Panwar 
Updated:
योगी के गढ़ में अखिलेश का शक्ति प्रदर्शन, पीडीए रथ से 2027 का सियासी संदेश

Uttar Pradesh News: 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है और इस बार सियासी संदेश देने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहुंचे हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर। पीडीए रथ पर सवार होकर अखिलेश यादव ने लगभग 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। एयरपोर्ट से शुरू हुआ यह शक्ति प्रदर्शन तीन विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए चौरीचौरा पहुंचा। रास्ते भर कार्यकर्ताओं का हुजूम, फूलों की बारिश और अखिलेश यादव के समर्थन में गूंजते नारे दिखाई दिए। कहीं अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगे, तो कहीं 2027 में अखिलेश आ रहे हैं के गाने सुनाई दिए। साफ है कि समाजवादी पार्टी इस रोड शो के जरिए 2027 के चुनाव के लिए गोरखपुर और पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का संदेश देना चाहती है।

एयरपोर्ट से शुरू हुआ रोड शो, जगह-जगह हुआ स्वागत

गोरखपुर एयरपोर्ट से अखिलेश यादव का रोड शो शुरू हुआ तो कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पीडीए रथ पर सवार अखिलेश यादव का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को क्रेन के जरिए उन्हें फूलों की बड़ी मालाएं पहनाई गईं। सड़क के दोनों तरफ समर्थकों की भीड़ दिखाई दी। कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और पोस्टर लेकर अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए।

तीन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरा पीडीए रथ, 2027 का सियासी संदेश

अखिलेश यादव का यह रोड शो सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गोरखपुर सदर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरा। इन तीनों क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और स्वागत के जरिए समाजवादी पार्टी ने अपनी संगठनात्मक ताकत दिखाने की कोशिश की। रथ पर अखिलेश यादव के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे, तो वहीं ‘2027 में अखिलेश आ रहे हैं’ जैसे चुनावी गाने भी सुनाई दिए।

पोस्टरों और नारों में दिखा चुनावी उत्साह

रोड शो के दौरान जगह-जगह लगाए गए पोस्टर भी लोगों का ध्यान खींचते नजर आए। कहीं अखिलेश यादव को महानायक के रूप में प्रदर्शित किया गया, तो कहीं पीडीए और 2027 के चुनाव को लेकर संदेश दिए गए। कार्यकर्ताओं का उत्साह और नारेबाजी यह बताने की कोशिश कर रही थी कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से अपनी तैयारियों में जुट गई है। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में अखिलेश यादव का यह रोड शो राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है।

चौरीचौरा में शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण

रोड शो का समापन चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव में प्रस्तावित जनसभा के साथ हुआ। यहां अखिलेश यादव 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही पूर्व छात्रनेता स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसी कार्यक्रम में अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू के समाजवादी पार्टी में शामिल होने का कार्यक्रम भी रखा गया है। जनसभा के जरिए अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति और चुनावी तैयारियों को धार देंगे।

तिवारी हाता पहुंचकर विनय शंकर तिवारी से भी करेंगे मुलाकात

चौरीचौरा के कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव का गोरखपुर शहर में धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता पहुंचने का भी कार्यक्रम है। यहां वह पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी सहित तिवारी परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात को भी पूर्वांचल के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा केवल एक जनसभा तक सीमित नहीं दिखाई दिया। लगभग 20 किलोमीटर के रोड शो, तीन विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जुटान, शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण और तिवारी परिवार से मुलाकात के जरिए समाजवादी पार्टी ने पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक सक्रियता का संदेश देने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि गोरखपुर में दिखाई दिया यह सियासी उत्साह 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए कितनी जमीन तैयार कर पाता है।

रिपोर्ट: अंकित श्रीवास्तव 

ये भी पढ़ें: कुलगाम एनकाउंटर में लतीफ भट ढेर, अमित शाह ने की जवानों की तारी

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...