1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. सिवनी में ASP का वीडियो हुआ वायरल, युवक को गांजे के केस में फंसाने का लगाया आरोप

सिवनी में ASP का वीडियो हुआ वायरल, युवक को गांजे के केस में फंसाने का लगाया आरोप

मध्य प्रदेश के सिवनी में ASP दीपक मिश्रा का कथित वीडियो वायरल हुआ है। युवक को गांजे के झूठे मामले में फंसाने के आरोप के बाद कोतवाली थाना प्रभारी लाइन अटैच, जांच शुरू।

By: Aparna Panwar 
Updated:
सिवनी में ASP का वीडियो हुआ वायरल, युवक को गांजे के केस में फंसाने का लगाया आरोप

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल, यहां एक होटल में मौजूद बालिग युवक और युवती से पूछताछ के दौरान पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर युवक को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की बात कहने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो 13 नवंबर का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की प्रमाणिकता और घटना की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है।

होटल में मौजूद बालिग जोड़े से पुलिस ने की पूछताछ

वायरल वीडियो में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) दीपक मिश्रा होटल में मौजूद युवक और युवती से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान युवती पुलिसकर्मियों को बताती है कि वह और युवक दोनों बालिग हैं। जिसमें दोनों एक ही जाति से संबंध रखते हैं और शादी करना चाहते हैं। इसके बावजूद पुलिसकर्मी उनसे परिजनों को फोन करने के लिए कहते हैं। युवती जब अपना मोबाइल अनलॉक करने और परिवार से बात कराने से इनकार करती है, तो वीडियो में कथित तौर पर ASP दीपक मिश्रा अपने साथ मौजूद पुलिसकर्मियों से युवक के पास गांजा रखने की बात कहते सुनाई देते हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक वीडियो में कथित तौर पर वह कहते हैं, ‘लड़के के पास थोड़ा गांजा रख दो।’ इसके अलावा होटल कर्मचारियों से युवक के बैग में भी गांजा रखने की बात कहने का आरोप है।

कोतवाली थाना प्रभारी लाइन अटैच, जांच शुरू

ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू करा दी है।

एसपी के मुताबिक, होटल के DVR फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जाएगी। इसके जरिए घटना की वास्तविकता और उस समय मौजूद परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।

होटल मालिक ने लगाया 25 हजार रुपये मांगने का आरोप

मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले में सिद्धार्थ होटल के मालिक संजू सनोडिया ने पुलिसकर्मियों पर हर महीने 25 हजार रुपये मांगने का आरोप भी लगाया है। जिसमें उनका दावा है कि कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, SDOP चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय बघेल ने उनसे पैसे मांगे थे।

ऐसे में होटल मालिक का आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर पुलिस ने होटल में छापेमारी की। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कथित व्यवहार को उजागर करने के लिए वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। फिलहाल, वीडियो और वसूली से जुड़े आरोपों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

ये भी पढ़ें: ‘सर मेरी बात सुनिए’, सीएम मोहन यादव के सामने गिड़गिड़ाई युवती

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...