1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. ‘सर मेरी बात सुनिए’, सीएम मोहन यादव के सामने गिड़गिड़ाई युवती

‘सर मेरी बात सुनिए’, सीएम मोहन यादव के सामने गिड़गिड़ाई युवती

नीमच के मनासा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे पर नेहा माली न्याय की गुहार लगाने पहुंचीं। पिता की मौत के बाद पैतृक मकान विवाद में युवती ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।

By: Aparna Panwar 
Updated:
‘सर मेरी बात सुनिए’, सीएम मोहन यादव के सामने गिड़गिड़ाई युवती

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के नीमच जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मनासा दौरे के दौरान एक युवती न्याय की गुहार लगाने पहुंची। दरसअल, पिता की मौत के बाद पैतृक मकान को लेकर परिजनों से चल रहे विवाद से परेशान युवती मुख्यमंत्री को अपनी पीड़ा बताना चाहती थी। वह रोते-बिलखते हुए मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश करती रही और बार-बार कहती रही, ‘सर मेरी बात सुनिए।’ हालांकि, पुलिस ने उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचने नहीं दिया। युवती का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर उसकी ओर देखा, लेकिन उसकी फरियाद सुने बिना ही सभा के लिए रवाना हो गए।

पिता की मौत के बाद पैतृक मकान को लेकर विवाद

मामला नीमच जिले के कुकड़ेश्वर का है। यहां रहने वाली नेहा माली अपने पिता की मौत के बाद पैतृक मकान में रहने के अधिकार को लेकर संघर्ष कर रही हैं। युवती का आरोप है कि मकान को लेकर परिजनों के साथ विवाद चल रहा है। इसके चलते उन्हें परेशान किया जा रहा है। परिजनों पर सामान अपने कब्जे में रखने, गाली-गलौज करने और मारपीट की धमकी देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

नेहा माली ने इस संबंध में 12 नवंबर को कुकड़ेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची युवती, पुलिस ने रोका

पुलिस से कार्रवाई नहीं होने से परेशान नेहा माली 17 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मनासा दौरे के दौरान उनसे मिलने पहुंची थी। युवती मुख्यमंत्री को अपनी शिकायत और उससे जुड़े दस्तावेज सौंपना चाहती थी। उसे उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने से उसे न्याय मिल सकेगा, लेकिन मुख्यमंत्री से मुलाकात करने से पहले ही पुलिस ने युवती को रोक दिया। इस दौरान वह भावुक होकर रोने लगी और मुख्यमंत्री से अपनी बात सुनने की अपील करती रही।

निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

जानकारी के लिए बता दें युवती ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही उसने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और पैतृक मकान में शांतिपूर्वक रहने का अधिकार दिलाने की अपील की है।

ऐसे में अब सवाल यह है कि पुलिस में शिकायत देने के बाद भी युवती को न्याय के लिए मुख्यमंत्री तक पहुंचने की कोशिश क्यों करनी पड़ी? क्या प्रशासन उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई करेगा। फिलहाल युवती को न्याय मिलने का इंतजार है।

ये भी पढ़ें: सोना-चांदी की कीमत में आई बड़ी गिरावट, यहां जानें नया रेट

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...