1. हिन्दी समाचार
  2. टैकनोलजी
  3. नासा के ड्रैगनफ्लाई मिशन में भेजें अपना नाम, मिलेगा डिजिटल बोर्डिंग पास, यहां जानें जानकारी

नासा के ड्रैगनफ्लाई मिशन में भेजें अपना नाम, मिलेगा डिजिटल बोर्डिंग पास, यहां जानें जानकारी

NASA Dragonfly Mission: नासा के ड्रैगनफ्लाई मिशन (NASA Dragonfly Mission) के जरिए अपना नाम शनि के चंद्रमा टाइटन तक भेजें। ऐसे में यहां जानिए फ्री रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, आखिरी तारीख और डिजिटल बोर्डिंग पास पाने का तरीका।

By: Aparna Panwar 
Updated:
नासा के ड्रैगनफ्लाई मिशन में भेजें अपना नाम, मिलेगा डिजिटल बोर्डिंग पास, यहां जानें जानकारी

NASA Dragonfly Mission: अगर आपसे कहा जाए कि आपका नाम भी अंतरिक्ष की सैर पर जा सकता है, वो भी बिल्कुल मुफ्त, तो शायद आप यकीन न करें। लेकिन अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा दुनिया भर के लोगों को ऐसा ही एक अनूठा मौका दे रही है, नासा के ड्रैगनफ्लाई मिशन के जरिए अब आप अपना नाम शनि ग्रह के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन तक भेज सकते हैं। इसके लिए न तो कोई टिकट खरीदना है और न ही कोई शुल्क देना है, बस ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। नाम दर्ज कराने वाले हर प्रतिभागी को नासा की तरफ से एक डिजिटल बोर्डिंग पास भी मिलेगा। अंतरिक्ष की दुनिया में दिलचस्पी रखने वालों के लिए यह किसी रोमांचक सपने से कम नहीं क्योंकि अब आपका नाम भी पृथ्वी से लाखों किलोमीटर दूर अंतरिक्ष की यात्रा कर सकता है। दरअसल, नासा ने अपने महत्वाकांक्षी ड्रैगनफ्लाई मिशन के लिए दुनिया भर के लोगों को अपना नाम भेजने का निमंत्रण दिया है, इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई है। इस पहल के तहत रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों के नाम एक माइक्रोचिप में दर्ज किए जाएंगे। जिसे ड्रैगनफ्लाई अंतरिक्ष यान के साथ टाइटन तक भेजा जाएगा। इतना ही नहीं, नाम दर्ज कराने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक व्यक्तिगत डिजिटल बोर्डिंग पास भी मिलेगा, जो इस ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा की यादगार होगा। आखिर क्या है नासा का यह मिशन, कैसे भेज सकते हैं अपना नाम और कब तक है इसकी अंतिम तारीख आईए जानते हैं इस रिपोर्ट में विस्तार से…

निःशुल्क रजिस्ट्रेशन, नाम जाएगा अंतरिक्ष में

हालांकि यहां यह समझना जरूरी है कि डिजिटल बोर्डिंग पास कोई वास्तविक हवाई या अंतरिक्ष यात्रा का टिकट नहीं है न ही इसमें किसी व्यक्ति को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा, यह केवल एक डिजिटल स्मृति चिह्न है, जबकि माइक्रोचिप में दर्ज आपका नाम ड्रैगनफ्लाई यान के साथ टाइटन तक पहुंचेगा, सबसे खास बात यह है कि यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है, भारत समेत दुनिया के किसी भी देश का नागरिक इसमें अपना नाम दर्ज करा सकता है। नाम भेजने के लिए नासा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। my.nasa.gov/specialevents/s/send-your-name-with-dragonfly पर अपना नाम और ईमेल पता दर्ज करके रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है, रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद डिजिटल बोर्डिंग पास भी प्राप्त होगा। नासा ने लोगों को आगाह किया है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें और किसी तीसरे पक्ष की वेबसाइट पर अपनी निजी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।

15 जनवरी 2027 तक भेज सकेंगे अपना नाम

अब अगर इस सुविधा की अंतिम तारीख की बात करें तो नासा के मुताबिक नाम जमा करने की आखिरी तारीख 15 जनवरी 2027 है, अमेरिकी पूर्वी समय के अनुसार रात 11 बजकर 59 मिनट तक रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। जबकि भारतीय समय के अनुसार यह समय 16 जनवरी 2027 की सुबह लगभग 10 बजकर 29 मिनट होगा, यानी आपके पास अभी अपना नाम इस ऐतिहासिक अंतरिक्ष अभियान से जोड़ने का मौका है।

क्या है नासा का ड्रैगनफ्लाई मिशन?

ड्रैगनफ्लाई नासा का एक अत्याधुनिक रोटरक्राफ्ट मिशन है। इसे शनि ग्रह के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन की सतह और उसके वातावरण का अध्ययन करने के लिए तैयार किया जा रहा है, खास बात यह है कि यह सामान्य अंतरिक्ष यान की तरह सिर्फ एक जगह उतरकर काम नहीं करेगा, बल्कि हेलीकॉप्टर और ड्रोन की तरह उड़ान भरते हुए टाइटन के अलग-अलग स्थानों तक पहुंचेगा, कार के आकार का यह यान परमाणु ऊर्जा से संचालित रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर यानी आरटीजी तकनीक से ऊर्जा प्राप्त करेगा। इसका निर्माण अमेरिका के मैरीलैंड स्थित जॉन्स हॉपकिन्स एप्लाइड फिजिक्स लेबोरेटरी में किया जा रहा है, यह नासा के न्यू फ्रंटियर्स कार्यक्रम का चौथा मिशन है।

जुलाई 2028 में लॉन्च, दिसंबर 2034 में टाइटन पहुंचने का लक्ष्य

नासा की योजना के मुताबिक ड्रैगनफ्लाई मिशन को जुलाई 2028 में लॉन्च किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के फाल्कन हैवी रॉकेट का इस्तेमाल किया जाएगा, प्रक्षेपण के बाद लगभग छह साल की लंबी यात्रा पूरी करके यह अंतरिक्ष यान दिसंबर 2034 के आसपास टाइटन पहुंचेगा। इसके बाद वहां तीन साल से अधिक समय तक वैज्ञानिक अध्ययन करने की योजना है, टाइटन पर पहुंचने के बाद ड्रैगनफ्लाई अलग-अलग स्थानों पर उड़ान भरेगा वहां की सतह से नमूने एकत्र करेगा और वैज्ञानिक परीक्षण करेगा। यह किसी दूसरी दुनिया की सतह पर उड़ान भरकर वैज्ञानिक खोज करने वाला अपनी तरह का पहला रोटरक्राफ्ट मिशन होगा।

टाइटन पर जीवन के रहस्यों की तलाश करेगा ड्रैगनफ्लाई

अब सवाल यह है कि आखिर शनि ग्रह का चंद्रमा टाइटन इतना महत्वपूर्ण क्यों है, दरअसल टाइटन हमारे सौरमंडल की सबसे रहस्यमयी दुनिया में से एक है। यहां पृथ्वी की तरह पानी की नदियों के बजाय तरल मीथेन और इथेन की नदियां, झीलें और समुद्र मौजूद हैं, इसकी सतह पर कार्बनिक पदार्थों से बने विशाल टीले और मैदान भी पाए जाते हैं। टाइटन का वातावरण पृथ्वी की तुलना में काफी घना है और वहां गुरुत्वाकर्षण भी कम है, यही वजह है कि वहां हेलीकॉप्टर जैसी तकनीक से उड़ान भरना संभव है। वैज्ञानिकों की सबसे ज्यादा दिलचस्पी इस बात को लेकर है कि टाइटन पर मौजूद कार्बनिक रसायन और वातावरण जीवन की उत्पत्ति से जुड़े सवालों के जवाब दे सकते हैं या नहीं ड्रैगनफ्लाई मिशन इसी प्राक्-जैविक रसायन विज्ञान, भूविज्ञान, वायुमंडल और संभावित जीवन के अनुकूल परिस्थितियों का अध्ययन करेगा वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इस मिशन से पृथ्वी पर जीवन की शुरुआत से पहले मौजूद परिस्थितियों को समझने में भी मदद मिल सकती है।

अंतरिक्ष प्रेमियों को नासा का अनूठा निमंत्रण

खगोलविद अमर पाल सिंह के मुताबिक ड्रैगनफ्लाई मिशन अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है, टाइटन की रहस्यमयी दुनिया में मौजूद कई ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब अभी तक वैज्ञानिकों के पास नहीं हैं ऐसे में यह मिशन भविष्य में अंतरिक्ष और जीवन की संभावनाओं को समझने के नए रास्ते खोल सकता है। नासा की यह पहल सिर्फ एक वैज्ञानिक अभियान नहीं, बल्कि दुनिया भर के आम लोगों को अंतरिक्ष अन्वेषण से जोड़ने का भी एक अनूठा प्रयास है अगर सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो वर्ष 2034 में ड्रैगनफ्लाई के साथ दुनिया भर के लाखों लोगों के नाम भी टाइटन की धरती तक पहुंचेंगे, तो देर किस बात की अगर आप भी अंतरिक्ष विज्ञान में दिलचस्पी रखते हैं और चाहते हैं कि आपका नाम भी शनि के चंद्रमा टाइटन तक पहुंचे, तो नासा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना निःशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं याद रखिए, इसके लिए किसी तरह का भुगतान नहीं करना है और आपको भी मिल सकता है आपका अपना डिजिटल स्पेस बोर्डिंग पास

रिपोर्ट: अंकित श्रीवास्तव

ये भी पढ़ें: छठ महापर्व पर सांसद रवि किशन का दिखा श्रद्धाभा

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...