Delhi AQI Today: दिल्ली में GRAP-3 की पाबंदियां हटने के बाद भी लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता अब भी खराब बनी हुई है। बता दें आज बुधवार सुबह 6 बजे जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के आंकड़ों में कुछ क्षेत्रों में सुधार देखने को मिला, जबकि कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा। उत्तम नगर में सबसे ज्यादा 385 AQI दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।
नए आंकड़ों के मुताबिक, उत्तम नगर दिल्ली का सबसे प्रदूषित इलाका रहा। यहां AQI 385 दर्ज किया गया। इसके अलावा चांदनी चौक में 292, बुराड़ी क्रॉसिंग में 286, डीटीयू में 279, सिरीफोर्ट में 278 और एम्स के आसपास 278 AQI रिकॉर्ड किया गया। वहीं, आनंद विहार में सुबह 5 बजे AQI 206 दर्ज हुआ। आईटीओ और मथुरा रोड पर 269, पंजाबी बाग में 259, जहांगीरपुरी में 257, आईआईटी दिल्ली में 251 और रोहिणी में 232 AQI रहा। इन सभी इलाकों में हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
बता दें दिल्ली के कुछ हिस्सों में वायु गुणवत्ता में सुधार भी देखने को मिला है। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में सबसे कम 113 AQI दर्ज किया गया। इंडिया गेट के आसपास AQI 112 रहा। इसके अलावा कैंटोनमेंट में 122, पूसा में 123, लोधी रोड में 133, बदरपुर में 142 और पटपड़गंज में 144 AQI रिकॉर्ड किया गया। द्वारका सेक्टर-8 में 169, आरके पुरम में 182 और आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 194 AQI रहा।
एक्सपर्ट्स के अनुसार, प्रदूषण के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। खराब हवा वाले इलाकों में सुबह और शाम के समय बाहर व्यायाम करने से बचें। जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें और प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखें।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी का बड़ा बयान, कहा- आर्थिक संकट के मुहाने पर भारत