Bangladesh Violence: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर से बढ़ गया है। दरसअल, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग (Awami League) की ओर से 19 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन (Nationwide Lockdown) के ऐलान के बाद कई इलाकों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। गोपालगंज जिले में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर पेड़ गिराकर रास्ते बंद कर दिए और कई जगह टायरों में आग लगा दी। वहीं, अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जानकारी के लिए बता दें अवामी लीग की छात्र इकाई छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने ढाका-खुलना हाईवे को भी जाम कर दिया। इसके लिए सड़क पर पेड़ गिराए गए और टायर जलाए गए। मंगलवार रात को एक पुलिस स्टेशन, पुलिस वाहन और तुंगीपारा में BNP सांसद एसएम जिलानी के घर पर आगजनी की गई थी। इन घटनाओं के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
लॉकडाउन के दौरान राजधानी ढाका के कई इलाकों में देसी बम फोड़े जाने की खबरें हैं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। ग्रामीण बैंक की कुछ शाखाओं में भी आगजनी की घटनाएं हुईं। वहीं, BNP कार्यकर्ताओं ने अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया। इसके बाद ढाका में सेना और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
19 नवंबर 2025 को शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी। इससे पहले 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद उन्हें सत्ता छोड़नी पड़ी थी। इसके बाद वह भारत आ गई थीं।
बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग कर रही है। वहीं, हसीना भी बांग्लादेश लौटने का ऐलान कर चुकी हैं। उनके समर्थक मौजूदा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
बांग्लादेश के कई जिलों में राजनीतिक हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। नरैल में BNP के मार्च पर हुए हमले में दो नेताओं की मौत हो गई। फरिदपुर और पिरोजपुर में भी एक BNP नेता और एक बस कर्मचारी की जान चली गई। इसके अलावा कई राजनीतिक कार्यालयों और नेताओं के घरों को नुकसान पहुंचाया गया है। हिंसा प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की तैनाती की गई है। देश में लगातार बिगड़ते हालात के बीच सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
ये भी पढ़ें: अखिलेश का भाजपा पर धार्मिक आस्था को लेकर हमला, कहा- सत्ता में बैठे लोग नकली संत