Weather Update: देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। बता दें उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के साथ घने कोहरे (Dense Fog) की दस्तक शुरू हो गई है। वहीं, कश्मीर घाटी के 21 इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे पहुंच गया है। वहीं, दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कारण दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के दौरान कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और घने कोहरे की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 नवंबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम बदलने वाला है। IMD के अनुसार, 20 से 23 नवंबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश और 21-22 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 20 से 24 नवंबर के बीच बारिश का अनुमान है। 20 और 21 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में भी चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में भारी बारिश, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akvan) उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर की दोपहर तक इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के मुताबिक, करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने कई जिलों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: कुलगाम एनकाउंटर में लतीफ भट ढेर, अमित शाह ने की जवानों की तारीफ