1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अखिलेश का भाजपा पर धार्मिक आस्था को लेकर हमला, कहा- सत्ता में बैठे लोग नकली संत

अखिलेश का भाजपा पर धार्मिक आस्था को लेकर हमला, कहा- सत्ता में बैठे लोग नकली संत

गोरखपुर में अखिलेश यादव ने भाजपा और योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। धार्मिक आस्था को लेकर सत्ता में बैठे लोगों को नकली संत बताया और 2027 में PDA सरकार बनाने का दावा किया।

By: Aparna Panwar 
Updated:
अखिलेश का भाजपा पर धार्मिक आस्था को लेकर हमला, कहा- सत्ता में बैठे लोग नकली संत

Uttar Pradesh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा के खिलाफ सियासी मोर्चा खोल दिया। चौरीचौरा में PDA रथयात्रा और कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव स्वर्गीय पंडित हरिशंकर तिवारी जी के तिवारी हाते पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने गोरखपुर के विकास, जलभराव, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पुलिस व्यवस्था, भ्रष्टाचार और बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। वहीं धार्मिक आस्था, माफिया, बेरोजगारी, महंगाई, E20 पेट्रोल, गैस सिलेंडर, किसानों की आय और आरक्षण जैसे मुद्दों पर भी भाजपा को कटघरे में खड़ा किया। अखिलेश यादव ने PDA की सरकार बनाने का दावा करते हुए गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत का भरोसा जताया। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने भाजपा के कमल खिलाने वाले नारे पर भी तंज कसा।

प्रेस के साथियों का धन्यवाद कर PDA सरकार बनाने का किया दावा

स्वर्गीय पंडित हरिशंकर तिवारी जी के तिवारी हाते में मीडिया से बातचीत की शुरुआत समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेस के साथियों का धन्यवाद करते हुए की। उन्होंने कहा कि चौरीचौरा में समाजवादियों का सफल कार्यक्रम हुआ है। समाजवादी पार्टी लगातार PDA आंदोलन के माध्यम से सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए काम कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि PDA की सरकार बनाने की दिशा में लगातार लोग जुड़ रहे हैं। मीडिया के माध्यम से समाजवादी पार्टी की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस आंदोलन से जुड़ें। जितने अधिक लोग जुड़ेंगे, आने वाले समय में बहुमत की सरकार बनाने का रास्ता उतना मजबूत होगा। उन्होंने PDA का अर्थ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक बताते हुए कहा कि इसमें मुसलमान, सिख, पारसी, बौद्ध, जैन और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों के साथ आदिवासी समाज भी शामिल है।

शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव पर भाजपा को घेरा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में हुए शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि काशी में डबल इंजन की सरकार को डबल जीरो मिला। भाजपा को एक हार स्वीकार नहीं थी, लेकिन उसे दोहरी हार का सामना करना पड़ा। गोरखपुर के संजय त्रिपाठी का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि संजय त्रिपाठी जीत सकते थे, लेकिन गोरखधंधे और शतरंज की घोड़े वाली चाल के चलते वह चुनाव नहीं जीत पाए।

गोरखपुर को बताया झूठे वादों का स्पेन और वेनिस

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर के विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गोरखपुर आकर ऐसा लगा जैसे यूरोप घूमने आए हों। यहां भाजपा के झूठे वादों का स्पेन और झूठे वादों का वेनिस देखने को मिला। उन्होंने कहा कि एक घंटे की बारिश में शहर की स्थिति खराब हो जाती है। न झांसी में मेट्रो बनी, न गोरखपुर में मेट्रो बनी और न ही आम जनता के लिए बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था हो पाई। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में ट्रैफिक जाम और जलभराव की समस्या से जनता को राहत देने में सरकार नाकाम रही है।

नाली और नालों के पानी की निकासी पर सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर की सबसे बड़ी समस्या जलभराव है और मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की जनता को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री अपने ही शहर में नाली और नालों का पानी नहीं निकलवा पा रहे हैं तो विकास के दावों का क्या मतलब है? मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब मुख्यमंत्री खुद इंजीनियर बन जाएंगे, खुद नाली डिजाइन करेंगे, खुद नाला डिजाइन करेंगे और खुद सड़क डिजाइन करेंगे, तो इंजीनियर अपना काम कैसे करेंगे?उन्होंने कहा कि इंजीनियरों को उनका काम करने देना चाहिए। मुख्यमंत्री को अपना काम करना चाहिए।

अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत, एम्स में 600 कर्मचारियों की कमी का मुद्दा

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल में अस्पतालों की हालत ऐसी हो गई है कि अब अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत है। उन्होंने एम्स के डायरेक्टर द्वारा अपना इलाज निजी संस्थान में कराने से जुड़ी खबर का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब एम्स के डायरेक्टर को निजी संस्थान में इलाज कराना पड़ रहा है तो आम जनता का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर कैसे कायम रहेगा? अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में लगभग 500 छोटे-बड़े निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम का पंजीकरण हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि अगर एम्स, मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल पर्याप्त इलाज दे रहे हैं तो इतने निजी अस्पतालों की जरूरत क्यों पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि एम्स के निर्माण के लिए समाजवादी सरकार ने जमीन दी थी। उस समय भी इसे विश्वस्तरीय संस्थान बनाने की बात कही गई थी, लेकिन आज भी वहां लगभग 600 कर्मचारियों की कमी है। उन्होंने लखनऊ के पीजीआई, केजीएमयू, लोहिया संस्थान और सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी जैसी सुविधाएं गोरखपुर के मेडिकल संस्थानों में उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।

अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाया सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर और आसपास के जिलों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने एक निजी चैनल की एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के दस साल के कार्यकाल में प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को बारिश और जलभराव के बीच पढ़ाई करने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि केवल गोरखपुर में 500 प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं। साथ ही कुशीनगर के विद्यालयों का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकारी स्कूलों की यह स्थिति क्यों बनी और बच्चों की पढ़ाई के लिए सरकार ने क्या व्यवस्था की।

प्रमोशन और नियुक्तियों पर अखिलेश का सवाल, परिवारवाद के आरोपों पर भाजपा को घेरा

अखिलेश यादव ने सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों और प्रमोशन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरों पर परिवारवाद का ठप्पा लगाते हैं, उन्हें अपने कार्यकाल में हुई नियुक्तियों का हिसाब भी देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों ने 20-20 और 30-30 साल तक सेवा की, वे महत्वपूर्ण पदों तक नहीं पहुंच पाए, लेकिन कुछ लोग तीन-चार साल में ही महत्वपूर्ण पदों पर कैसे पहुंच गए? पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इन नियुक्तियों के पीछे क्या कारण था, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

हथेली गरम पुलिस नरम, पुलिस व्यवस्था पर अखिलेश का बड़ा हमला

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की पुलिस व्यवस्था पर हमला करते हुए कहा कि पुलिस में एक ही नारा चल रहा है- हथेली गरम, पुलिस नरम। उन्होंने पुलिस के व्यवहार और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर में रहने और काम करने वाले लोगों को यहां के गोरखधंधे का अनुभव है और लखनऊ में भी ऐसे गोरखधंधे चल रहे हैं। उन्होंने गोरखपुर विकास प्राधिकरण में अधिकारियों की पोस्टिंग और बार-बार तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए।

मानवीय व्यवहार और सत्ता की कार्यशैली पर हमला

अखिलेश यादव ने एक पीड़ित व्यक्ति के साथ हुए व्यवहार का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या आज के समय में किसी पीड़ित से जूता साफ करवाने की कल्पना की जा सकती है? उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों के व्यवहार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में बैठे लोग जमीनी हकीकत को नहीं समझते।

विकास परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप

अखिलेश यादव ने गोरखपुर से जुड़ी सड़क परियोजनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लगभग 90 किलोमीटर लंबी सड़क पर 7 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि आखिर विकास के नाम पर इतना पैसा कहां खर्च हो रहा है? उन्होंने सड़क की गुणवत्ता पर तंज कसते हुए कहा कि जब लोग इन सड़कों पर चलेंगे तो कमर और पीठ में दर्द होने लगेगा। अखिलेश यादव ने विकास परियोजनाओं में भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया।

भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के संदर्भ में भाजपा पर हमला

अखिलेश यादव ने भाजपा पर धार्मिक आस्था के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज यह साबित हो गया है कि सत्ता में बैठे लोग नकली संत हैं। उन्होंने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के संदर्भ में दिए गए बयानों को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर कोई सामान्य व्यक्ति भगवान श्रीराम के पिता या भगवान श्रीकृष्ण के बारे में ऐसी बात कह दे तो सरकार उसके पीछे पड़ जाएगी, लेकिन सत्ता से जुड़े लोगों के मामले में अलग रवैया अपनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को सच्चा सनातनी बताते हैं, उन्हें अपने आचरण से भी इसे साबित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर आप जनता को दुख देंगे, जमीन छीनेंगे, दुकानें तोड़ेंगे और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार करेंगे तो प्रभु श्रीराम आपको सजा देंगे। उन्होंने कहा कि जहां प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद मिलेगा, वहां कौन नहीं जाएगा? लेकिन जनता को दुख देने वालों को जनता भी जवाब देती है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि जिस धरती से भाजपा की शुरुआत हुई, उसी धरती की जनता ने भाजपा को चुनाव में हराया है।

हाईकोर्ट की सूची पर कार्रवाई की मांग

अखिलेश यादव ने माफिया की परिभाषा को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने हाईकोर्ट की उस सूची का जिक्र किया, जिसे उन्होंने दिल्ली में पढ़ने की बात कही थी। अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि माफिया की परिभाषा क्या है? क्या भाजपा के साथ रहने वाला व्यक्ति माफिया नहीं माना जाएगा? उन्होंने उम्मीद जताई कि हाईकोर्ट की ओर से माफियाओं की जो सूची जारी की गई है, उस पर सरकार कार्रवाई करेगी।

गोरखपुर की सड़कों और बिजली व्यवस्था पर अखिलेश की चुनौती, थर्मल पावर प्लांट और एक्सप्रेस-वे पर सवाल

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बिजली उत्पादन को लेकर भी भाजपा सरकार को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि पिछले दस साल में उत्तर प्रदेश में एक भी 3×60 सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट लगाया गया हो तो सरकार उसका नाम बताए। उन्होंने सरकार से बिजली उत्पादन के क्षेत्र में किए गए कामों का हिसाब मांगा। इसी दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ का भी जिक्र किया। अखिलेश यादव ने एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर तंज कसते हुए कहा कि वहां 100 किलोमीटर की रफ्तार से गाड़ी चलाने के बाद लोगों को हड्डी के डॉक्टर के पास जाना पड़ सकता है या पेट दर्द की दवा खानी पड़ सकती है।

कानून व्यवस्था और रोजगार का मुद्दा

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों की नौकरियां छीनी हैं और लोगों के ठेके छीनने का काम किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में गांजे की बिक्री का मुद्दा उठाते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि प्रदेश में नशे का कारोबार हो रहा है तो सरकार उसे रोकने के लिए क्या कर रही है?

E20 पेट्रोल, गैस सिलेंडर और दालों की कीमतों पर अखिलेश के सवाल

अखिलेश यादव ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरते हुए सवालों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि जनता की गाड़ियों में E20 पेट्रोल डलवाया जा रहा है। अगर E20 नहीं होता तो पेट्रोल की कीमत क्या होती? इसका जिम्मेदार कौन है? उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों और दालों के बढ़ते दामों पर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने पूछा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य क्यों नहीं मिल रहा है? सरकार किसको मुनाफा कमाने का अवसर दे रही है? उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत पर अखिलेश ने भाजपा को घेरा

अखिलेश यादव ने डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत का मुद्दा उठाते हुए भाजपा को उसके पुराने बयानों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी डॉलर और रुपये की कीमत को लेकर सवाल उठाते थे, आज उन्हें बताना चाहिए कि डॉलर कहां पहुंच गया है और रुपया कितना गिर गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार के मुखिया ही ऐसे होंगे तो उनसे जनता को क्या उम्मीद करनी चाहिए?

न्यायालय और अभ्यर्थियों के संघर्ष का जिक्र

अखिलेश यादव ने आरक्षण से जुड़े मामले और अभ्यर्थियों के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि न्यायालय से उन्हें न्याय मिला है और भविष्य में भी न्याय मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि अभ्यर्थियों पर लगाए गए झूठे मुकदमे हटेंगे और उन्हें उनका अधिकार मिलेगा। उन्होंने आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे लोगों के संघर्ष का समर्थन करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को PDA आंदोलन से जोड़ा। आरक्षण के लिए सड़क पर उतरने और संघर्ष करने की बात पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी।

भाजपा के कमल खिलाने के नारे पर अखिलेश का तंज

अखिलेश यादव ने भाजपा के नए नारे ‘कमल को फिर खिलाना है’ पर तंज कसते हुए कहा कि अगर कमल पहले से खिला हुआ होता तो उसे फिर खिलाने की बात क्यों करनी पड़ती? उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कमल मुरझा गया था, इसलिए अब भाजपा उसे फिर खिलाने की बात कर रही है। उन्होंने इंडिया गठबंधन की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को हराने के बाद विपक्ष की एकजुटता मजबूत हुई है।

गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटें जीतने का अखिलेश ने किया दावा

अखिलेश यादव ने गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि PDA की एकजुटता के दम पर प्रदेश में सामाजिक न्याय की सरकार स्थापित करने की दिशा में समाजवादी पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भाजपा सरकार पर हमला जारी रखा और कहा कि जनता आने वाले समय में अपना फैसला सुनाएगी।

पत्रकारों से संवाद पर भी अखिलेश का तंज, बोले- ऐसा ही लोकतंत्र चल रहा है

मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने पत्रकारों के सवाल पूछने के तरीके पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज ऐसे पत्रकार साथियों से मिलने का मौका मिला है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि आप लोग मुख्यमंत्री से भी इसी तरह मिलते होंगे और उनसे भी इसी तरह सवाल पूछते होंगे। उन्होंने कहा कि यही लोकतंत्र की स्थिति है।

अखिलेश यादव ने पत्रकारों से सकारात्मक सुझाव देने की भी बात कही। स्वर्गीय पंडित हरिशंकर तिवारी जी के तिवारी हाते से अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के खिलाफ कई मोर्चों पर हमला बोला। गोरखपुर के जलभराव से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पुलिस व्यवस्था, सड़क निर्माण, बिजली, बेरोजगारी, महंगाई और आरक्षण तक हर मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरने की कोशिश की। धार्मिक आस्था और माफिया के मुद्दे पर भी भाजपा को निशाने पर लेते हुए अखिलेश यादव ने PDA की एकजुटता का संदेश दिया। वहीं भाजपा के कमल खिलाने वाले नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने 2027 में गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत और प्रदेश में PDA सरकार बनाने का दावा किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में अखिलेश यादव की इस राजनीतिक सक्रियता को समाजवादी पार्टी की पूर्वांचल में चुनावी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि तिवारी हाते से दिया गया अखिलेश यादव का यह राजनीतिक संदेश 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना असर दिखाता है।

ये भी पढ़ें: कश्मीर में शून्य से नीचे पहुंचा पारा, 4 राज्यों में घने कोहरे का किया अलर्ट जारी

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...