1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. अररिया में भीषण सड़क हादसा, पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत

अररिया में भीषण सड़क हादसा, पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत

Araria Road Accident: बिहार के अररिया में बीड़ी पुल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो नदी में गिर गई। बता दें हादसे में सुपौल के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को बचा लिया गया।

By: Aparna Panwar 
Updated:
अररिया में भीषण सड़क हादसा, पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत

Araria Road Accident: बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरसअल, मदनपुर-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में गिर गई। इस हादसे में सुपौल जिले के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।

तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड की थुमहा पंचायत के वार्ड नंबर-09 के रहने वाले थे। सभी बुधवार को अररिया के सिकटी प्रखंड स्थित भपटीयाई गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे।

समारोह खत्म होने के बाद सभी स्कॉर्पियो से अपने घर सुपौल लौट रहे थे। इसी दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के मदनपुर-सिकटी मुख्य मार्ग पर बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी।

रस्सी और जेसीबी की मदद से निकाली गई स्कॉर्पियो

बता दें हादसे के बाद आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। जिसमें लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। रस्सी और जेसीबी मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को नदी से बाहर निकाला गया। वाहन में फंसे लोगों को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक छह लोगों की मौत हो चुकी थी। एक व्यक्ति की जान बचा ली गई।

हादसे में जान गंवाने वालों में 14 से 26 साल के युवक

जानकारी के लिए बता दें इस दर्दनाक हादसे में यश कुमार (15), आदित्य आनंद (18), आरियन (15), चालक कुंदन कुमार (26), सौरभ कुमार (16) और मुन्ना कुमार (14) की मौत हो गई।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस और मुख्यालय डीएसपी रजनीश कुमार मौके पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों व परिजनों से जानकारी जुटाई। सभी छह शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया।

मुख्यालय डीएसपी रजनीश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: अखिलेश का भाजपा पर धार्मिक आस्था को लेकर हमला, कहा- सत्ता में बैठे लोग नकली संत

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...