मुंबई: मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुंबई में आयोजित ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी के साथ वन-टू-वन बैठक की। इस दौरान कंपनी की प्रस्तावित परियोजना और निवेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सन फार्मा ने धार जिले के पीथमपुर में करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से ग्रीनफील्ड परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इस परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ करीब 1,750 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
प्रस्तावित परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए भूमि उपलब्धता, आवश्यक बुनियादी ढांचे, विभिन्न अनुमतियों और निवेश प्रोत्साहनों से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री और कंपनी प्रबंधन के बीच चर्चा हुई। सरकार की ओर से परियोजना के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सन फार्मा की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए बड़े सौर ऊर्जा प्रकल्प की स्थापना की संभावना पर भी चर्चा हुई। इसके लिए उपयुक्त भूमि की पहचान और आवंटन में सहयोग को लेकर कंपनी और राज्य सरकार के बीच विचार-विमर्श हुआ।
सन फार्मा ने रतलाम में प्रस्तावित फार्मा पार्क को लेकर भी रुचि दिखाई है। कंपनी की ओर से वहां निवेश की संभावनाओं पर विचार करने की बात सामने आई है। इससे मध्य प्रदेश में फार्मास्युटिकल उद्योग के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पीथमपुर में प्रस्तावित निवेश और रतलाम फार्मा पार्क में संभावित भागीदारी से प्रदेश में फार्मा क्षेत्र को मजबूती मिल सकती है। बड़े निवेश से रोजगार के साथ स्थानीय सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक उद्योगों को भी फायदा मिलने की संभावना है।