खंडवा। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल ओंकारेश्वर में पूज्य अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादागुरु जी की पांचवीं नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ धार्मिक आस्था और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गौमुख घाट पहुंचे और कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने मां नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी तथा प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
गौमुख घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूज्य दादागुरु जी की पांचवीं नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मां नर्मदा के तट पर वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के साथ धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान नर्मदा मैया के जयकारों से घाट का वातावरण भक्तिमय हो गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सनातन संस्कृति और उसकी समृद्ध परंपराओं से पूरी दुनिया परिचित हो रही है। देश की आध्यात्मिक विरासत और धार्मिक स्थलों का महत्व वैश्विक स्तर पर सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा का केंद्र हैं। उनके तटों का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व अत्यंत विशेष है।

मुख्यमंत्री ने मां नर्मदा के तटों की पवित्रता और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नर्मदा के पावन तट किसी मठ के समान हैं। इनकी स्वच्छता और धार्मिक गरिमा को बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है।उन्होंने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की कि नर्मदा तटों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और नदी की पवित्रता को बनाए रखने में अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से नर्मदा परिक्रमा और धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सरकार का प्रयास है कि तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ओंकारेश्वर में नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ धार्मिक आस्था के साथ-साथ नदी संरक्षण, स्वच्छता और सेवा के संदेश को भी आगे बढ़ाने वाला आयोजन रहा।