बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वारासिवनी क्षेत्र के डोरलीमाल गांव में खेत में रखे धान के पैरा (पराली) के ढेर से करीब 4 करोड़ रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि नोटों को तीन बोरियों में भरकर पराली के ढेर के अंदर छिपाया गया था। इस कार्रवाई को नागपुर में एक व्यापारी के घर हुई लूट से जोड़कर देखा जा रहा है। नागपुर पुलिस की दबिश के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वारासिवनी के डोरलीमाल गांव में एक खेत में धान का पैरा रखा हुआ था। इसी पैरा के ढेर के भीतर तीन बोरियों में नकदी छिपाकर रखी गई थी। नागपुर पुलिस की कार्रवाई के दौरान इन बोरियों को बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, बरामद तीनों बोरियों में करीब 4 करोड़ रुपये हो सकते हैं। हालांकि, बरामद रकम की आधिकारिक गिनती और पुष्टि का इंतजार है।
इस पूरे मामले का कनेक्शन महाराष्ट्र के नागपुर में हुई एक बड़ी लूट की वारदात से बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, नागपुर में एक व्यापारी के घर लूट हुई थी। आरोप है कि वारदात के बाद लूटी गई रकम को आरोपियों ने अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से छिपाने की कोशिश की। इसी कड़ी में नागपुर पुलिस बालाघाट के वारासिवनी क्षेत्र के डोरलीमाल गांव पहुंची और खेत में छिपाकर रखी गई नकदी बरामद की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूट की रकम को पुलिस की नजरों से बचाने के लिए रिश्तेदार के माध्यम से दूसरी जगह छिपाया गया था। खेत में पराली के ढेर के भीतर तीन बोरियों में नोट रखे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस मामले में किस व्यक्ति ने रकम छिपाई, किसकी जमीन पर नकदी रखी गई और लूट की वारदात में किन लोगों की भूमिका है, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
डोरलीमाल गांव में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई। खेत में पराली के ढेर से करोड़ों रुपये मिलने की जानकारी ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बरामद रकम का वास्तविक आंकड़ा, नकदी के मालिकाना हक और नागपुर की लूट से उसके संबंधों की पुष्टि जांच के बाद सामने आएगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नागपुर में व्यापारी के घर हुई लूट की रकम बालाघाट के गांव तक कैसे पहुंची? तीन बोरियों में भरे करोड़ों रुपये खेत में पराली के ढेर के भीतर किसने छिपाए थे? क्या इस मामले में और भी लोग शामिल हैं? इन सभी सवालों के जवाब नागपुर पुलिस की जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल बालाघाट के डोरलीमाल गांव में करोड़ों रुपये की कथित बरामदगी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।