बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक शहर बुरहानपुर में सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। राजघाट स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां ताप्ती के पावन तट पर स्थित गुरुद्वारा परिसर गुरु वाणी, शब्द कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया और अटूट लंगर में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान किया। कीर्तन के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में संगतों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

बुरहानपुर के राजघाट स्थित यह गुरुद्वारा धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि अपनी चार उदासीन यात्राओं के दौरान गुरु नानक देव जी इस पवित्र स्थान पर पधारे थे। मां ताप्ती के किनारे स्थित इस स्थान पर उन्होंने कुछ समय बिताया और संगत को मानवता, प्रेम तथा समानता का संदेश दिया था। इसी ऐतिहासिक और धार्मिक मान्यता के कारण यह गुरुद्वारा आज भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां केवल सिख समुदाय ही नहीं, बल्कि अन्य धर्मों के लोग भी श्रद्धा के साथ मत्था टेकने पहुंचते हैं।

श्री गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान शैली कीर ने बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर तीन दिन पहले ही श्री अखंड पाठ साहिब की शुरुआत कर दी गई थी। प्रकाश पर्व के दिन पाठ साहिब की समाप्ति के बाद विशेष शब्द कीर्तन आयोजित किया गया। इसके बाद संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर वरताया गया। उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व की खुशी में रात के समय आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रकाश पर्व के मौके पर आयोजित अटूट लंगर में हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। लंगर के दौरान सेवा और समर्पण की भावना देखने को मिली। सेवादारों ने पूरे उत्साह के साथ संगत की सेवा की। इस आयोजन ने गुरु नानक देव जी के समानता और भाईचारे के संदेश को जीवंत कर दिया।
रुपिंदर कीर ने बताया कि राजघाट स्थित यह गुरुद्वारा ऐतिहासिक महत्व रखने वाला पवित्र स्थान है। गुरु नानक देव जी ने हमेशा मानवता, प्रेम, समानता और सेवा का संदेश दिया। उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव कायम किया जा सकता है। राजघाट के पावन ताप्ती तट पर आयोजित 557वां प्रकाश पर्व धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव की शानदार मिसाल बना। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।