1. हिन्दी समाचार
  2. Development
  3. भारत-नेपाल के बीच नई रेल सेवा, अयोध्या से जनकपुर धाम तक चलेगी ट्रेन

भारत-नेपाल के बीच नई रेल सेवा, अयोध्या से जनकपुर धाम तक चलेगी ट्रेन

भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में रेल मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दी है। इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

By: BS Yadav 
Updated:
भारत-नेपाल के बीच नई रेल सेवा, अयोध्या से जनकपुर धाम तक चलेगी ट्रेन

गोरखपुर : भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए रेल मंत्रालय ने अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दी है। इस ट्रेन के संचालन से दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। ट्रेन का शुभारंभ उद्घाटन विशेष गाड़ी के जरिए किया जाएगा, जो गोरखपुर होकर गुजरेगी।

अयोध्या से जनकपुर धाम के लिए 23 नवंबर को रवाना होगी उद्घाटन ट्रेन

04295 अयोध्या धाम-जनकपुर धाम उद्घाटन विशेष ट्रेन 23 नवंबर, सोमवार को अयोध्या धाम जंक्शन से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी। ट्रेन मनकापुर, बस्ती होते हुए शाम 5 बजकर 40 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी।

गोरखपुर होकर गुजरेगी ट्रेन, कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

इस ट्रेन का गोरखपुर में भी ठहराव निर्धारित किया गया है। अयोध्या से जनकपुर धाम जाने वाली उद्घाटन विशेष ट्रेन बस्ती से दोपहर 3 बजकर 5 मिनट पर और गोरखपुर से शाम 5 बजकर 40 मिनट पर रवाना होगी। इसके बाद नरकटियागंज से रात 9 बजकर 30 मिनट, रक्सौल से रात 11 बजकर 15 मिनट पर प्रस्थान करेगी। अगले दिन सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए नेपाल पहुंचेगी।

24 नवंबर को जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए होगी वापसी

वापसी में 04296 जनकपुर धाम-अयोध्या धाम उद्घाटन विशेष ट्रेन 24 नवंबर, मंगलवार को नेपाल के जनकपुर धाम से दोपहर 1 बजे रवाना होगी। जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए अगले दिन सुबह 4 बजकर 5 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से बस्ती और मनकापुर होते हुए सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या धाम जंक्शन पहुंचेगी।

17 कोच की होगी ट्रेन, यात्रियों को मिलेंगी अलग-अलग श्रेणियों की सुविधाएं

इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 7 शयनयान श्रेणी, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 3 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल होंगे। इसके अलावा एक जनरेटर सह लगेज यान और एक एलएसएलआरडी कोच भी लगाया जाएगा। नई साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- अंकित श्रीवास्तव, RNI NEWS, गोरखपुर

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...