1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. MP Cabinet Decisions: मोहन यादव के बड़े फैसले, 1834 गांवों में पहुंचेगी बिजली

MP Cabinet Decisions: मोहन यादव के बड़े फैसले, 1834 गांवों में पहुंचेगी बिजली

मध्यप्रदेश की मोहन यादव कैबिनेट ने कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी है। प्रदेश के 1834 छोटे गांवों के करीब 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। खनिज से आय बढ़ाकर 30 हजार करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, ओंकारेश्वर के एकात्म धाम के लिए 2300 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

By: Nivedita 
Updated:
MP Cabinet Decisions: मोहन यादव के बड़े फैसले, 1834 गांवों में पहुंचेगी बिजली

भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार ने प्रदेश के विकास को गति देने के लिए कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिजली, खनिज संपदा, सहकारिता और धार्मिक पर्यटन से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सरकार ने 1834 छोटे गांवों में विद्युतीकरण करने और खनिज क्षेत्र से होने वाली आय को बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा ओंकारेश्वर के एकात्म धाम के लिए 2300 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।

1834 छोटे गांवों के 46,500 घरों तक पहुंचेगी बिजली

कैबिनेट बैठक में ऊर्जा विभाग से जुड़ा महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। एमएसएमई मंत्री चेतन कश्यप ने बताया कि प्रदेश में 20 मकानों वाले 1834 छोटे गांवों को विद्युतीकरण के लिए चिह्नित किया गया है। इस योजना पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करीब 193 करोड़ रुपये खर्च करेंगी। इसके तहत लगभग 46 हजार 500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। वहीं, 20 मकानों से कम आबादी वाले ऐसे गांव, जो इस योजना के दायरे में शामिल नहीं हैं, वहां मध्यप्रदेश सरकार अपने खर्च पर बिजली पहुंचाने की व्यवस्था करेगी। इस फैसले से दूरस्थ और छोटी आबादी वाले गांवों को भी बिजली सुविधा से जोड़ने में मदद मिलेगी।

खनिज से कमाई 12,170 करोड़ से बढ़ाकर 30 हजार करोड़ करने का लक्ष्य

कैबिनेट ने प्रदेश की खनिज संपदा का बेहतर इस्तेमाल कर सरकारी आय बढ़ाने की योजना को भी मंजूरी दी है। वर्तमान में खनिज रॉयल्टी से सरकार को लगभग 12,170 करोड़ रुपये की आमदनी होती है। सरकार अब इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाना चाहती है। इस जिम्मेदारी के लिए खनिज निगम लिमिटेड को महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई है। निगम नए खनिज क्षेत्रों का सर्वे करेगा और संभावित खदानों को विकसित करने की दिशा में काम करेगा।इस पूरी योजना के लिए मध्यप्रदेश को तीन हिस्सों में बांटा गया है। सर्वे और संबंधित प्रक्रिया पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

पैक्स चुनाव एक साल आगे बढ़ाने को मंजूरी

सहकारिता क्षेत्र में भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पैक्स यानी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव परिसीमन प्रक्रिया के कारण एक साल आगे बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। पैक्स चुनाव में देरी होने के चलते जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आगे बढ़ाए जाएंगे। गौरतलब है कि वर्ष 2018 के बाद से पैक्स समितियों के चुनाव नहीं हुए हैं। इसके साथ ही पांच जिला सहकारी बैंकों को 25 करोड़ रुपये और चार नई सहकारी बैंकों को 50 करोड़ रुपये की अंशपूंजी उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी है।

एकात्म धाम के लिए 2300 करोड़ रुपये मंजूर

धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ओंकारेश्वर में निर्माणाधीन एकात्म धाम परियोजना को लेकर भी बड़ा फैसला हुआ है। कैबिनेट ने परियोजना के निर्माण कार्य को निरंतर जारी रखने के लिए 2300 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसके अलावा गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी आगे जारी रखने की स्वीकृति प्रदान की गई।

Read More –  CM मोहन यादव ने भोपाल को दी पहली डेटिंग लैब की सौगात – RNI News

 

2047 के लक्ष्य पर सरकार करेगी नीति चिंतन

बैठक में मध्यप्रदेश सरकार के संकल्प पत्र के क्रियान्वयन और भविष्य की विकास योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि आगामी 2 दिसंबर को अधिकारियों और विभिन्न विभागों के साथ नीति चिंतन आयोजित किया जाएगा। इसमें सरकार के पिछले तीन वर्षों के कामकाज, योजनाओं और नीतियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी।इस चिंतन से सामने आने वाले सुझावों और निष्कर्षों पर 21 और 22 दिसंबर को प्रस्तावित मंत्रियों के चिंतन शिविर में चर्चा की जाएगी।

भोपाल में 1000 करोड़ के खेल परिसर पर भी चर्चा

कैबिनेट बैठक में भोपाल में करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए नए खेल परिसर के प्रथम चरण से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा प्रदेश में चीतों की बढ़ती संख्या, ग्वालियर में निर्माणाधीन टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन और स्वामित्व योजना की प्रगति पर भी विचार किया गया। बैठक में आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर भी चर्चा हुई।

मध्यप्रदेश के विकास को लेकर सरकार का बड़ा रोडमैप

मोहन यादव कैबिनेट के इन फैसलों में ग्रामीण विद्युतीकरण, खनिज संपदा से राजस्व बढ़ाने, सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने और धार्मिक पर्यटन के विस्तार पर विशेष जोर दिखाई दिया। वहीं, 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर होने वाला नीति चिंतन प्रदेश की आगामी विकास रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...