भोपाल। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए भोपाल जिला प्रशासन विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर इसकी शुरुआत चुनाभट्टी और हबीबगंज क्षेत्र के चार वार्डों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जाएगी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा, देखभाल तथा उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करना है।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण, सुरक्षा और कल्याण को लेकर आयोजित जिला स्तरीय बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत वार्ड स्तर पर समितियां बनाई जाएंगी, जो महिलाओं और वृद्धजनों से जुड़ी समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान के लिए काम करेंगी।

प्रस्तावित समितियों में जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक न्याय विभाग के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा रेडक्रॉस सोसायटी और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा, देखभाल और उनकी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। बैठक में डिप्टी कलेक्टर हर्षिता और रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ने अभियान से संबंधित जानकारी साझा की। प्रशासन को उम्मीद है कि पायलट प्रोजेक्ट के अनुभवों के आधार पर महिला और वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।