1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी

गोरखपुर विश्वविद्यालय में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है। 14 टेबलों पर प्रथम वरीयता के मतों की गिनती हो रही है। मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह के अनुसार, निर्धारित कोटा मिलने पर प्रत्याशी को विजेता घोषित किया जाएगा, अन्यथा द्वितीय वरीयता के मतों की गणना होगी।

By: Nivedita 
Updated:
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना गोरखपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय परिसर में सुचारू रूप से जारी है। मतपेटिकाओं से मतपत्रों को निकालने और उनके मिलान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब 14 टेबलों पर प्रथम वरीयता के मतों की गणना की जा रही है। मतगणना की प्रक्रिया और आगे की रणनीति को लेकर गोरखपुर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

14 टेबलों पर एक-एक हजार मतपत्रों के पैकेट से गणना

मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह के मुताबिक प्रथम चक्र में प्रथम वरीयता के मतों की गणना के लिए सभी 14 टेबलों पर एक-एक हजार मतपत्रों के पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। मतगणना की यह प्रक्रिया लगभग हर दो घंटे के अंतराल पर आगे बढ़ेगी। इसके बाद प्रथम वरीयता के मतों की स्थिति स्पष्ट होगी और यह पता चलेगा कि किसी प्रत्याशी को निर्धारित कोटा मिला है या नहीं।

 

 

कोटा मिलने पर प्रत्याशी होगा विजयी घोषित

मंडलायुक्त ने बताया कि यदि प्रथम वरीयता के मतों की गणना के दौरान किसी प्रत्याशी को निर्धारित कोटा प्राप्त हो जाता है, तो उसे विजयी घोषित कर दिया जाएगा। लेकिन यदि किसी भी प्रत्याशी को निर्धारित कोटा नहीं मिलता है, तो मतगणना की अगली प्रक्रिया अपनाई जाएगी। ऐसी स्थिति में सबसे कम मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशी को अपवर्जित यानी एलिमिनेट किया जाएगा। इसके बाद उस प्रत्याशी के मतपत्रों पर दर्ज द्वितीय वरीयता के मतों की गणना की जाएगी। यह प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ेगी और प्रत्येक चरण में मतों का हिसाब किया जाएगा, जब तक निर्धारित नियमों के अनुसार किसी प्रत्याशी को जीत के लिए आवश्यक कोटा प्राप्त नहीं हो जाता। फिलहाल सभी की निगाहें मतगणना के अगले चरणों और प्रथम वरीयता के मतों के परिणाम पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि क्या प्रथम वरीयता के मतों से ही जीत का फैसला हो जाता है या परिणाम के लिए द्वितीय वरीयता के मतों की गणना तक इंतजार करना पड़ेगा।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...