गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में सुबह 8 बजे निर्धारित समय पर मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। मतगणना स्थल पर सबसे पहले मतपेटियों को खोलकर मतपत्रों को निकालने और उनकी 50-50 मतपत्रों की गड्डियां बनाने का काम किया जा रहा है। इसके बाद मतपत्रों का निर्धारित रिकॉर्ड से मिलान कर वोटों की गिनती की जाएगी। कुल 16 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। मतगणना के लिए तीन राउंड निर्धारित किए गए हैं। वहीं, प्रशासन ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मतगणना की तैयारियों, प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी दी है।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना निर्धारित समय पर शुरू हो गई। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में बनाए गए मतगणना स्थल पर सबसे पहले मतपेटियों को एक-एक करके खोला जा रहा है। मतपत्रों को निकालकर सीधा किया जा रहा है और इसके बाद 50-50 मतपत्रों की गड्डियां बनाई जा रही हैं। इन गड्डियों का मिलान फॉर्म-16 में दर्ज मतों की संख्या से किया जाएगा। मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक टेबल पर 20-20 गड्डियां यानी एक हजार मत गिनती के लिए दिए जाएंगे। इस तरह पहले राउंड में लगभग 14 हजार मतों की गिनती की जाएगी। पूरी मतगणना तीन राउंड में संपन्न कराने की योजना है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक, मतगणना निर्धारित समय पर शुरू हो गई है। सभी प्रत्याशी और उनके अधिकृत चुनाव एजेंट मतगणना स्थल पर पहुंच चुके हैं। उनकी मौजूदगी में मतगणना की प्रक्रिया शुरू कराई गई है। प्रशासन का कहना है कि मतगणना सुचारू रूप से चल रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
इस चुनाव में मतगणना की प्रक्रिया सामान्य चुनावों से अलग है। यहां सबसे पहले प्रत्याशियों को मिले प्रथम वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी। यदि किसी प्रत्याशी को कुल वैध मतों के 50 प्रतिशत से एक अधिक मत प्राप्त हो जाता है, तो उसे विजेता घोषित कर दिया जाएगा और मतगणना रोक दी जाएगी। लेकिन यदि प्रथम वरीयता की गिनती पूरी होने के बाद भी कोई प्रत्याशी निर्धारित आंकड़े तक नहीं पहुंचता है, तो द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी। इसके लिए सबसे पहले प्रथम वरीयता में सबसे कम मत पाने वाले प्रत्याशी को गणना से बाहर किया जाएगा। उसके मतपत्रों पर दर्ज द्वितीय वरीयता के मत संबंधित प्रत्याशियों के खाते में जोड़े जाएंगे। इसके बाद अगले सबसे कम मत पाने वाले प्रत्याशी को बाहर कर यही प्रक्रिया दोहराई जाएगी। यह प्रक्रिया तब तक चलेगी, जब तक कोई प्रत्याशी निर्धारित बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं कर लेता। यदि 16 में से 15 प्रत्याशियों को बाहर करने के बाद भी निर्धारित आंकड़ा हासिल नहीं होता है, तो अंतिम बचे प्रत्याशी को चुनाव आयोग की अनुमति से विजेता घोषित किए जाने का प्रावधान बताया गया है।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के इस चुनाव में कुल 17 जिले शामिल हैं। चुनाव में कुल 54 हजार 910 मतों के मुकाबले 43 हजार 553 वैध मत पड़े। मतदान का प्रतिशत 79.31 रहा। अब इन मतों की गिनती के बाद प्रत्याशियों की चुनावी स्थिति स्पष्ट होगी। कुल 16 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है, ऐसे में प्रथम वरीयता के मतों की गिनती पर सभी की नजरें टिकी हैं। यदि किसी प्रत्याशी को निर्धारित बहुमत नहीं मिलता है, तो द्वितीय वरीयता के मत परिणाम तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मतगणना की कवरेज के लिए प्रशासन की ओर से मीडिया सेंटर बनाया गया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि मीडिया कर्मियों को मतगणना स्थल की स्थिति से अवगत कराने के लिए सूचना अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की व्यवस्था की गई है। उनकी निगरानी और एस्कॉर्ट में मीडिया कर्मियों को निर्धारित नियमों के तहत मतगणना स्थल तक ले जाया जाएगा। स्टिल कैमरे से रिकॉर्डिंग की अनुमति रहेगी। वहीं, राउंड पूरे होने और प्रत्याशियों को जानकारी दिए जाने के साथ ही मीडिया को भी अपडेट उपलब्ध कराया जाएगा। परिणाम आने के समय को लेकर जिलाधिकारी ने कोई निश्चित समय बताने से इनकार किया है। उनका कहना है कि मतगणना में लगने वाला समय राउंड की प्रगति और प्रक्रिया पर निर्भर करेगा। जैसे-जैसे राउंड पूरे होंगे और परिणाम से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी, मीडिया को सूचित किया जाएगा।
मतगणना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया है कि लागू निषेधाज्ञा और जारी प्रशासनिक आदेशों के तहत विजयी प्रत्याशियों को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों को पहले ही इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों से आदेशों का पालन करने की अपील की है, ताकि मतगणना के बाद भी जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है। मतपेटियां खोलने, मतपत्रों की गड्डियां बनाने और रिकॉर्ड से उनका मिलान करने के बाद वोटों की गिनती आगे बढ़ेगी। प्रथम वरीयता के मतों से परिणाम तय नहीं होने की स्थिति में द्वितीय वरीयता की गणना कराई जाएगी। अब सभी की नजरें मतगणना के राउंड और अंतिम परिणाम पर टिकी हैं। प्रशासन का दावा है कि पूरी प्रक्रिया सुरक्षा व्यवस्था के बीच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा रही है।