नोएडा। इंडसइंड बैंक की सेक्टर-143 स्थित शाखा ने अपनी बैंकिंग यात्रा के पांच सफल वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शाखा परिसर में वर्षगांठ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों, ग्राहकों और स्थानीय क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोगों ने भाग लेकर इस खास अवसर को यादगार बनाया।

समारोह में गुलशन आइकेबाना आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष श्री एस.सी. बिष्ट मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने बैंक की पांच वर्षों की उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी और आने वाले समय में बैंक की प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर नोएडा साउथ रीजन के रीजनल हेड श्री यामनिश नागपाल और शाखा प्रबंधक श्री गौरव गुप्ता सहित श्री सुभोध अग्रवाल, श्री राकेश सक्सेना और श्री अमर सिंह भी मौजूद रहे। इनके अलावा आसपास के क्षेत्र के कई निवासी और बैंक के ग्राहक भी समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान शाखा की पांच साल की यात्रा और इस दौरान हासिल की गई उपलब्धियों पर चर्चा हुई। बैंक की ओर से ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने और उनके साथ भरोसेमंद संबंध विकसित करने के प्रयासों को भी प्रमुखता से बताया गया। समारोह में मौजूद अतिथियों ने कहा कि किसी भी वित्तीय संस्थान की पहचान उसकी सेवाओं और ग्राहकों के विश्वास से बनती है। उन्होंने बैंक कर्मचारियों को इसी तरह समर्पण के साथ काम करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

पांचवीं वर्षगांठ के मौके पर बैंक की टीम ने भविष्य में भी ग्राहकों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए बेहतर बैंकिंग अनुभव उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया। समारोह का समापन शुभकामनाओं और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ।