1. हिन्दी समाचार
  2. बड़ी खबर
  3. रेलवे का बड़ा लक्ष्य हुआ पूरा, पूर्वोत्तर के सभी रेलखंड हुए इलेक्ट्रिक

रेलवे का बड़ा लक्ष्य हुआ पूरा, पूर्वोत्तर के सभी रेलखंड हुए इलेक्ट्रिक

पूर्वोत्तर भारत में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे ने 4,311.96 रूट किलोमीटर रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा कर लिया है। जानें असम समेत सभी राज्यों का अपडेट।

By: Aparna Panwar 
Updated:
रेलवे का बड़ा लक्ष्य हुआ पूरा, पूर्वोत्तर के सभी रेलखंड हुए इलेक्ट्रिक

Indian Railway News: पूर्वोत्तर भारत में रेलवे के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) ने अपने अधिकार क्षेत्र के सभी चालू रेल मार्गों का विद्युतीकरण पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि से अब पूर्वोत्तर भारत में ट्रेन संचालन पहले के मुकाबले अधिक आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल हो सकेगा।

रेलवे के मुताबिक, वर्ष 2026-27 तक कुल 4,311.96 रूट किलोमीटर रेल नेटवर्क को इलेक्ट्रिक किया जा चुका है। यह उपलब्धि भारतीय रेलवे के ब्रॉडगेज नेटवर्क को 100 प्रतिशत विद्युतीकृत करने के लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

असम में सबसे ज्यादा रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण

नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, विद्युतीकरण में असम सबसे आगे है। यहां 2,546.04 रूट किलोमीटर रेल लाइन को इलेक्ट्रिक किया गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 987.51 किलोमीटर और बिहार में 427.49 किलोमीटर रेल मार्ग का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।

पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी इस दिशा में काम पूरा किया गया है। त्रिपुरा में 269.45 किलोमीटर, मिजोरम में 52.88 किलोमीटर, अरुणाचल प्रदेश में 11.67 किलोमीटर, मेघालय में 9.58 किलोमीटर, नागालैंड में 6 किलोमीटर और मणिपुर में 1.35 किलोमीटर रेल नेटवर्क इलेक्ट्रिक हो चुका है।

पिछले वर्षों में तेजी से बढ़ा विद्युतीकरण का काम

रेलवे ने पिछले कुछ वर्षों में विद्युतीकरण परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया। आंकड़ों के मुताबिक, 2023-24 में 915.62 किलोमीटर और 2024-25 में 1,141.38 किलोमीटर रेल मार्ग का विद्युतीकरण किया गया। वहीं, 2025-26 में 445.66 किलोमीटर और 2026-27 में अब तक 141.77 किलोमीटर रेल लाइन इलेक्ट्रिक की गई है।

लुमडिंग-बदरपुर और बैराबी-सैरांग रेलखंड भी हुए इलेक्ट्रिक

इस अभियान के तहत 14 सितंबर 2026 को लुमडिंग-बदरपुर रेलखंड का विद्युतीकरण पूरा हुआ। इसके बाद 12 अक्टूबर 2026 को मिजोरम के बैराबी-सैरांग रेलखंड पर भी यह काम पूरा कर लिया गया।

रेलवे को क्या होगा फायदा?

पूरे नेटवर्क के विद्युतीकरण से डीजल पर निर्भरता कम करने, ऊर्जा की बचत और कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद मिलेगी। साथ ही इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन से रेलवे की परिचालन क्षमता बेहतर बनाने में भी सहायता मिलेगी। NFR की यह उपलब्धि पूर्वोत्तर भारत में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में अहम कदम है।

ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात, ग्वालियर में शुरू हुआ टेलीकॉम जोन

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...