India-Japan 2+2 Dialogue 2026: भारत और जापान ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। बता दें टोक्यो में आयोजित चौथी भारत-जापान 2+2 विदेश और रक्षा मंत्री स्तरीय वार्ता में दोनों देशों ने रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अहम चर्चा की है। वहीं, इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत-जापान संबंधों को मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बीच बेहद महत्वपूर्ण बताया।
जानकारी के लिए बता दें दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में बदलती वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों से पैदा हो रही चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कहना है कि भारत और जापान एशिया के दो मजबूत लोकतांत्रिक देश हैं। दोनों के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 में भारत और जापान राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे करेंगे।
राजनाथ सिंह ने अगस्त 2025 में जारी सुरक्षा सहयोग के संयुक्त घोषणापत्र के तहत हुई प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने भारत में आयोजित वायुसेना अभ्यास ‘वीर गार्जियन-26’ में पहली बार जापान एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स के लड़ाकू विमानों की भागीदारी को रक्षा सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इसके अलावा, 13 अक्टूबर 2026 को टोक्यो में आयोजित तीसरे भारत-जापान रक्षा उद्योग मंच का भी स्वागत किया गया। इससे दोनों देशों के बीच रक्षा तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ने की उम्मीद है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि दुनिया इस समय कई तरह के संकटों और बदलावों से गुजर रही है। अलग-अलग क्षेत्रों में जारी संघर्षों का असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार, ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़ रहा है। कोरोना महामारी के बाद आर्थिक अस्थिरता ने भी कई नई चुनौतियां पैदा की हैं।
उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। जयशंकर ने कहा कि समुद्री व्यापार मार्गों और जरूरी आपूर्ति श्रृंखलाओं की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है।
बैठक में समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक समुद्री मार्गों की अहमियत पर भी चर्चा हुई। ऐसे में दोनों देशों ने माना कि वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित रखने के लिए आपसी सहयोग जरूरी है। इस वार्ता से साफ है कि भारत और जापान आने वाले समय में रक्षा, तकनीक, व्यापार और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्रों में अपने रिश्तों को और मजबूत करना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट, 1.29 लाख से नीचे आया गोल्ड