Putin Trump Xi Jinping Meeting: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच होने वाली प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक को रूस के लिए बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है। ऐसे में इस बैठक का नतीजा क्या होगा, यह अभी साफ नहीं है, लेकिन इसके जरिए पुतिन को दुनिया की दो बड़ी ताकतों के नेताओं के साथ एक मंच साझा करने का मौका मिलेगा।
जानकारी के लिए बता दें साल 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगाए थे। अमेरिका और यूरोप के देशों ने पुतिन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने की कोशिश की थी, लेकिन अब 2026 में चीन के शेनझेन में होने वाली इस बैठक से रूस अपनी वैश्विक स्थिति मजबूत दिखाने की कोशिश कर रहा है।
दरसअल, रूस के लिए इस बैठक का सबसे बड़ा फायदा इसकी तस्वीर और उससे मिलने वाला राजनीतिक संदेश हो सकता है। पुतिन ट्रंप और जिनपिंग के साथ बैठकर यह संदेश देना चाहते हैं कि पश्चिमी देशों के प्रतिबंध रूस को दुनिया से अलग नहीं कर पाए हैं।
पुतिन का कहना है कि रूस को अलग-थलग करने और उस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिशें सफल नहीं हुई हैं। इस बैठक के जरिए वह खुद को एक मजबूत वैश्विक नेता के रूप में पेश कर सकते हैं।
इस बैठक को लेकर यूक्रेन और यूरोपीय देशों में चिंता है। उन्हें डर है कि तीनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध को लेकर ऐसे फैसले हो सकते हैं, जिनमें यूक्रेन की राय शामिल न हो।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसकी तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से की थी। उस समय अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ के नेताओं ने युद्ध के बाद यूरोप की व्यवस्था पर चर्चा की थी। जेलेंस्की नहीं चाहते कि दुनिया में दोबारा प्रभाव के क्षेत्रों का बंटवारा हो।
ऐसे में इस बैठक से यूक्रेन युद्ध का समाधान निकलने की उम्मीद अभी साफ नहीं है। रूस को युद्ध के मैदान में भी लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेन की ओर से क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले पुल पर हमला भी रूस के लिए बड़ा झटका माना गया।
कुल मिलाकर, शेनझेन में होने वाली यह बैठक पुतिन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ी राजनीतिक और कूटनीतिक बढ़त दे सकती है। हालांकि, केवल बड़े नेताओं के साथ बैठक करने से यूक्रेन युद्ध में रूस की जीत तय नहीं हो जाती।
ये भी पढ़ें: अररिया में भीषण सड़क हादसा, पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत