गोरखपुर का गीडा यानी गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण अब पूर्वांचल में औद्योगिक विकास की नई पहचान बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन, बेहतर कानून व्यवस्था, मजबूत कनेक्टिविटी और निवेशकों के लिए अनुकूल नीतियों ने गीडा को उद्योगों के लिए पसंदीदा ठिकाना बना दिया है। जहां कभी गिनती के उद्योग हुआ करते थे, वहां आज सैकड़ों औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो चुकी हैं। हजारों करोड़ रुपये का निवेश आया है और हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं। इसी औद्योगिक विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए गीडा अपने 37वें स्थापना दिवस समारोह की तैयारी कर रहा है। तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ 30 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 30 नवंबर 1989 को स्थापित गीडा ने पिछले करीब साढ़े तीन दशक में कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद गीडा की तस्वीर तेजी से बदलने लगी। सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों, बेहतर कानून व्यवस्था, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार, निर्बाध बिजली आपूर्ति और उद्यमियों को मिलने वाले प्रोत्साहन ने औद्योगिक विकास को नई रफ्तार दी। अब गीडा केवल औद्योगिक क्षेत्र नहीं, बल्कि पूर्वांचल के आर्थिक विकास का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
गीडा में 20 हजार करोड़ का निवेश, 50 हजार रोजगार का मार्ग प्रशस्त
सरकार की नीतियों और गीडा में विकसित हो रहे औद्योगिक माहौल का असर निवेश के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। करीब 500 औद्योगिक इकाइयों के लिए लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ है, जिससे लगभग 50 हजार लोगों के रोजगार का मार्ग प्रशस्त हुआ है। देश के बड़े औद्योगिक घरानों से लेकर स्थानीय उद्यमियों तक ने गीडा में निवेश के प्रति रुचि दिखाई है। केयान इंडस्ट्रीज ने 1200 करोड़ रुपये, पेप्सिको की फ्रेंचाइजी वरुण बेवरेजेज ने 1100 करोड़ रुपये, अंकुर उद्योग ने 500 करोड़ रुपये, इंडिया ऑटोव्हील्स ने 400 करोड़ रुपये और एसडी इंटरनेशनल ने 300 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा कोका कोला की फ्रेंचाइजी अमृत बॉटलर्स ने करीब 800 करोड़ रुपये, सीपी मिल्क एंड फूड्स यानी ज्ञान डेयरी ने 118 करोड़ रुपये, तत्वा प्लास्टिक्स ने 105 करोड़ रुपये और कपिला कृषि उद्योग ने 100 करोड़ रुपये का निवेश कर गीडा के औद्योगिक आधार को मजबूती दी है।
प्लास्टिक पार्क से फ्लैटेड फैक्ट्री तक, उद्योगों को मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं
औद्योगिक निवेश को जमीन पर उतारने के लिए गीडा में आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार किया गया है। प्लास्टिक उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 88 एकड़ क्षेत्रफल में उत्तर प्रदेश के पहले प्लास्टिक पार्क की स्थापना की गई है। वहीं सूक्ष्म और लघु उद्यमियों को कम समय में उद्योग शुरू करने की सुविधा देने के लिए प्लग एंड प्ले मॉडल पर आधारित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स तैयार किया गया है। 2.68 एकड़ क्षेत्रफल में 42 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बने इस कॉम्प्लेक्स में उद्यमियों को उद्योग संचालन के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही युवाओं को आईटी क्षेत्र में अवसर देने के लिए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क और कौशल विकास के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी यानी नाइलिट के प्रशिक्षण केंद्र की भी शुरुआत की गई है।
30 नवंबर से तीन दिवसीय समारोह, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
अब गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह के जरिए औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ भविष्य के निवेश और रोजगार का रोडमैप तैयार किया जाएगा। 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भूमि आवंटन प्रमाण पत्र वितरित करेंगे और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण तथा शिलान्यास भी करेंगे, जिसके जरिए हजारों करोड़ रुपये के नए निवेश और रोजगार की संभावनाएं आगे बढ़ेंगी। समारोह में औद्योगिक प्रदर्शनी और व्यापार मेले का भी आयोजन होगा, जहां ओडीओपी यानी एक जिला एक उत्पाद के साथ पहली बार ओडीओसी यानी एक जिला एक व्यंजन योजना के उत्पादों को भी मंच मिलेगा। तकनीकी सत्र, उद्यमी संवाद और औद्योगिक प्रदर्शनी के माध्यम से निवेशकों को गीडा में उपलब्ध सुविधाओं और संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा। गीडा की यह विकास यात्रा अब केवल उद्योगों की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल को औद्योगिक पहचान दिलाने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के साथ गीडा आने वाले समय में पूर्वांचल के औद्योगिक विकास की नई धुरी बनने की ओर अग्रसर है।
रिपोर्ट- अंकित श्रीवास्तव, RNI NEWS, गोरखपुर