1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान, 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान, 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

दिल्ली में कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालयों की संयुक्त कार्यशाला में शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। अत्यंत गरीबी 27.1% से घटकर 2.6% रह गई है। कार्यशाला में कृषि विकास, लखपति दीदी और ग्रामीण आवास योजनाओं की उपलब्धियां भी साझा की गईं।

By: Nivedita 
Updated:
शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान, 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

नई दिल्ली। देश में गरीबी उन्मूलन और ग्रामीण विकास को लेकर केंद्र सरकार ने अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर मंथन किया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालयों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। वहीं, अत्यंत गरीबी की दर घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई है। कार्यशाला में कृषि, ग्रामीण विकास, भूमि संसाधन और कृषि अनुसंधान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय सरकार की योजनाओं के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत को भी दिया।

50 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना ऐतिहासिक उपलब्धि: शिवराज सिंह

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट के अनुसार भारत में लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने इसे देश के लिए असाधारण और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 50 करोड़ की संख्या अमेरिका की कुल आबादी से भी अधिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयासों से यह बदलाव संभव हुआ है। शिवराज सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि इस उपलब्धि को केवल सरकारी आंकड़ों के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि इसे देश की विकास यात्रा की बड़ी सफलता के तौर पर मनाना चाहिए।

 

अत्यंत गरीबी 27.1% से घटकर 2.6% पर पहुंची

कार्यशाला में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, भारत में अत्यंत गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य गरीबी से बाहर आए लोगों को दोबारा गरीबी में जाने से बचाना और शेष जरूरतमंद परिवारों को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य केवल लोगों की आय बढ़ाना नहीं, बल्कि उनके जीवन स्तर में स्थायी सुधार लाना है।

अधिकारियों से बोले- आपने केवल योजनाएं नहीं बनाई, देश बनाया है

केंद्रीय मंत्री ने कार्यशाला में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि देश की विकास यात्रा में हर कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “आपने केवल योजनाएं नहीं बनाई, बल्कि देश बनाया है। आप इस विकास यात्रा के असली सारथी हैं।” इस बार कार्यशाला में सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ सेक्शन ऑफिसर और असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर को भी शामिल किया गया। शिवराज सिंह ने कर्मचारियों के बीच बैठकर उनसे सीधे संवाद किया और योजनाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे।

 

कृषि विकास दर 4.45%, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि देश की दशकीय कृषि विकास दर 4.45 प्रतिशत तक पहुंच गई है। कार्यशाला में कृषि मंत्रालय की ओर से बताया गया कि पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को अब तक 4.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। इसके अलावा देश में खाद्यान्न उत्पादन 376.56 मिलियन टन और बागवानी उत्पादन 386.91 मिलियन टन तक पहुंचने की जानकारी दी गई।किसानों को सस्ता कृषि ऋण, फसल बीमा, प्राकृतिक खेती, 10 हजार किसान उत्पादक संगठन (FPO) और एग्रीस्टैक जैसी पहलों से जोड़ने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

ICAR के शोध पर एक रुपये के निवेश से 13.85 रुपये का लाभ

कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की उपलब्धियों को भी कार्यशाला में प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति के अनुसार, कृषि अनुसंधान और शिक्षा में लगाए गए प्रत्येक एक रुपये के निवेश पर 13.85 रुपये का आर्थिक लाभ मिला है। वहीं, पशुपालन अनुसंधान में यह लाभ 20.81 रुपये बताया गया। वर्ष 2014 के बाद से 3,436 नई फसल किस्में जारी की गईं, जिनमें 93 प्रतिशत जलवायु अनुकूल बताई गई हैं। कृषि तकनीक, बेहतर बीज और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए खेती को अधिक लाभकारी बनाने पर जोर दिया गया।

Read More –  MP Cabinet Decisions: मोहन यादव के बड़े फैसले, 1834 गांवों में पहुंचेगी बिजली – RNI News

 

लखपति दीदी योजना से 3.76 करोड़ महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं ने भी गरीबी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यशाला में प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। इनमें से 3.76 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 3.99 करोड़ पक्के मकानों के निर्माण और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से 7.99 लाख किलोमीटर सड़कों के विकास की जानकारी दी गई। इसके अलावा विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देने की व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया।

जल संरक्षण से 61 लाख से अधिक किसानों को लाभ

भूमि संसाधन विभाग की योजनाओं के तहत जल संरक्षण और भूमि सुधार पर किए गए कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जलग्रहण विकास घटक के माध्यम से लगभग 3.40 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र का उपचार किया गया है। इससे करीब 61.15 लाख किसानों को सीधा लाभ मिलने की बात कही गई। इन प्रयासों से सिंचाई सुविधाओं, कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली है।

कर्मचारियों से मांगे सुझाव, FTA के जरिए वैश्विक बाजार पर नजर

कार्यशाला के समापन पर शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि पीएम-किसान और ई-नाम जैसी योजनाओं में सुधार की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों और किसानों तक पहुंचाना जरूरी है। मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब भारतीय कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में काम करना होगा।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर सरकार का फोकस

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश की विकास यात्रा अभी जारी है। सरकार का लक्ष्य 2029, 2030-31 और विकसित भारत 2047 के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करना है। उन्होंने कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े सभी विभागों से मिलकर काम करने तथा गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास तेज करने का आह्वान किया। कार्यशाला में स्पष्ट किया गया कि गरीबी उन्मूलन की उपलब्धियों को स्थायी बनाने के लिए कृषि विकास, रोजगार, ग्रामीण आवास, महिला सशक्तिकरण और जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों पर लगातार काम करना होगा।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...