मध्य प्रदेश में अवैध कॉलोनियों और मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इंदौर और भोपाल में हुई मकानों की तोड़फोड़ का मुद्दा उठाया है। उन्होंने सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जीवनभर की कमाई लगाकर घर बनाने वाले परिवारों को बिना पुनर्वास और मुआवजे के बेघर करना न्यायसंगत नहीं है।

जीतू पटवारी ने अपने पत्र में इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी और भोपाल के छेड़ाखेड़ा क्षेत्र में हुई कार्रवाई का जिक्र किया है। उन्होंने दावा किया कि भोपाल में 600 मकानों में से 599 मकान तोड़ दिए गए। इससे करीब 3,000 लोगों का निवास प्रभावित हुआ। पटवारी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान किराये की सहायता, पुनर्वास और भविष्य की व्यवस्था को लेकर प्रभावित परिवारों की चिंताएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवारों ने जमीन खरीदने, मकान बनाने और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अपनी पूरी जमा पूंजी लगा दी थी। अब मकान टूटने के बाद उनके सामने रहने, रोजगार और बैंक कर्ज चुकाने जैसी गंभीर समस्याएं खड़ी हो गई हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र में आरोप लगाया कि प्रदेश के कई शहरों में अवैध कब्जे, प्लॉटिंग और कॉलोनियों का निर्माण लंबे समय से होता रहा है। ऐसे में जमीन बेचने वालों, निर्माण की अनुमति देने वालों और कथित अनियमितताओं पर आंखें मूंदने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन बेची जा रही थी, मकान बन रहे थे और बैंक ऋण दे रहे थे, तब संबंधित सरकारी विभागों की निगरानी कहां थी? पटवारी ने भू-माफिया और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रभावित आम नागरिकों को दंडित करने के बजाय जिम्मेदार लोगों पर जवाबदेही तय करने की बात कही।

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री के सामने तत्काल राहत और समाधान के लिए कई सुझाव रखे हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
जिला स्तर पर सर्वे: इंदौर, भोपाल सहित प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान, परिवारों की संख्या और बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांग सदस्यों का विवरण सार्वजनिक किया जाए।
सुरक्षित आवास: प्रभावित परिवारों को तत्काल वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाए। पुनर्वास होने तक बाजार दर के अनुसार किराये की सहायता दी जाए।
बैंक कर्ज में राहत: जिन परिवारों के मकानों पर बैंक का ऋण चल रहा है, उनके लिए ऋण की किस्तों, पुनर्गठन और ब्याज संबंधी राहत की व्यवस्था की जाए।
उचित मुआवजा: मकान, दुकान, घरेलू सामान, आजीविका और निर्माण सामग्री के नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को मुआवजा दिया जाए।
अवैध कॉलोनियों की जांच: पिछले 25 वर्षों में विकसित कॉलोनियों, जमीन की खरीद-बिक्री, भवन अनुमतियों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
जवाबदेही तय हो: अवैध कॉलोनियां विकसित करने वाले भू-माफिया, जमीन बेचने वालों और अनुमति देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मानवीय आधार पर निर्णय: किसी भी मकान को तोड़ने से पहले परिवारों के पुनर्वास, बच्चों की शिक्षा, रोजगार और बुजुर्गों की सुरक्षा का आकलन अनिवार्य किया जाए।
अपने पत्र में जीतू पटवारी ने सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने सवाल किया कि यदि अवैध कॉलोनियां बसाने, जमीन बेचने और उन्हें अनुमति देने वालों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपनी जीवनभर की कमाई लगाकर घर बनाया, उन्हें बिना मुआवजे और पुनर्वास के सड़क पर छोड़ना उचित नहीं है। सरकार को पहले प्रभावित लोगों के रहने और भविष्य की व्यवस्था करनी चाहिए।
पटवारी ने मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में प्रदेश स्तरीय ‘आवास एवं भूमि विवाद राहत प्रकोष्ठ’ गठित करने का सुझाव दिया है। इसके माध्यम से प्रभावित परिवारों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने और प्रत्येक मामले की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की गई है। पत्र के अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को उजाड़ने के बजाय सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देना सरकार की जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस पत्र में उठाए गए मुद्दों और प्रभावित परिवारों की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं।