1. हिन्दी समाचार
  2. क्राइम
  3. अवली घाट में अवैध उत्खनन का आरोप, किसान कांग्रेस ने की कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

अवली घाट में अवैध उत्खनन का आरोप, किसान कांग्रेस ने की कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

सीहोर के अवली घाट क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अवैध उत्खनन का आरोप लगा है। किसान कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर जांच, मशीनों की जब्ती और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

By: BS Yadav 
Updated:
अवली घाट में अवैध उत्खनन का आरोप, किसान कांग्रेस ने की कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

सीहोर के अवली घाट क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अवैध उत्खनन का आरोप लगा है। किसान कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर जांच, मशीनों की जब्ती और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

बुधनी। सीहोर जिले की रेहटी तहसील के अवली घाट क्षेत्र में शासकीय भूमि पर कथित अवैध उत्खनन को लेकर किसान कांग्रेस ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं सलकनपुर निवासी अनिरुद्ध दुबे ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीहोर को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अवली घाट के समीप शासकीय भूमि पर पोकलेन और जेसीबी जैसी भारी मशीनों के जरिए कथित तौर पर दिन-रात उत्खनन किया जा रहा है। किसान कांग्रेस का आरोप है कि इसका विरोध करने पर स्थानीय किसानों और ग्रामीणों को डराने-धमकाने की कोशिश भी की जा रही है।

अनिरुद्ध दुबे ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इससे शासन को राजस्व की क्षति के साथ नर्मदा तटीय क्षेत्र के पर्यावरण और आसपास की कृषि भूमि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच दल भेजकर मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि अवैध उत्खनन की पुष्टि होने पर उसे तत्काल बंद कराया जाए और उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही मशीनों व डंपरों को जब्त किया जाए। साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

किसान कांग्रेस का कहना है कि मामले से जुड़ी खबरें मीडिया में प्रकाशित होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि कथित अवैध उत्खनन पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो जनहित में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन के साथ समाचार पत्रों की प्रतियां और मौके के फोटो-वीडियो साक्ष्य भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।

कन्हैया नाथ की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...