1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. मास्टर प्लान लागू कराने के लिए भोपाल में हुआ ‘रन फॉर मास्टर प्लान’, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा

मास्टर प्लान लागू कराने के लिए भोपाल में हुआ ‘रन फॉर मास्टर प्लान’, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा

भोपाल में मास्टर प्लान लागू कराने की मांग को लेकर ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ का आयोजन किया गया। विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में आयोजित मैराथन में युवा, छात्र, व्यापारी, डॉक्टर, इंजीनियर और नागरिक शामिल हुए।

By: BS Yadav 
Updated:
मास्टर प्लान लागू कराने के लिए भोपाल में हुआ ‘रन फॉर मास्टर प्लान’, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा

भोपाल। राजधानी भोपाल में शहर के सुनियोजित विकास और मास्टर प्लान लागू कराने की मांग को लेकर बुधवार को ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ का आयोजन किया गया। मध्य विधानसभा विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के मुताबिक यह एक गैर-राजनीतिक मैराथन थी, जिसका उद्देश्य भोपाल के विकास से जुड़े मुद्दों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना था।

‘रन फॉर मास्टर प्लान’ में बाबा सिंहदेव के साथ व्यापारी, युवा, छात्र-छात्राएं, डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता और शहर के जागरूक नागरिक शामिल हुए। राष्ट्रीय ध्वज के साथ लोगों ने दौड़ में हिस्सा लिया और भोपाल में मास्टर प्लान लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

कार्यक्रम की शुरुआत भोपाल के 11 नंबर स्टॉप से हुई। यहां से प्रतिभागियों ने दौड़ शुरू की, जो राजीव गांधी की प्रतिमा से होते हुए हबीबगंज थाना पहुंची। हबीबगंज थाना क्षेत्र में कार्यक्रम का समापन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने शहर के बेहतर और व्यवस्थित विकास को लेकर अपनी मांग रखी।

विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि भोपाल के सुनियोजित और बेहतर विकास के लिए मास्टर प्लान लागू होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को देखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकास की योजना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि भोपाल को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने, बेहतर शिक्षा और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर शहर तैयार करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है।

आयोजकों का कहना है कि ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ के जरिए सरकार का ध्यान भोपाल के विकास और मास्टर प्लान लागू करने की मांग की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने शहर के व्यवस्थित विकास और बेहतर भविष्य की जरूरत पर जोर दिया।अब देखना होगा कि इस आयोजन के बाद भोपाल में मास्टर प्लान लागू करने की मांग को लेकर सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...