बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े एक बड़े राशन घोटाले का खुलासा हुआ है। बोरदेही थाना पुलिस ने गरीब हितग्राहियों के लिए आवंटित करीब 10 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के शासकीय खाद्यान्न के गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सेल्समैन गोवर्धन पवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों का संचालन कर रहा था। आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गरीबों के लिए निर्धारित राशन में हेराफेरी कर सरकारी खाद्यान्न का गबन किया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गरीबों के हक के राशन में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट:-कमलाकर तायवाड़े