गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के आंदोलन के बीच विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज अविरल मिश्रा का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दरोगा कुछ छात्रों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कथित तौर पर सख्त लहजे में छात्रों को चेतावनी देते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि, “इतनी फोर्स बुलाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा।”
वायरल वीडियो सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी देखने को मिल रही है। छात्रों का आरोप है कि आंदोलन के दौरान पुलिस अधिकारी की ओर से जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह उचित नहीं है। वीडियो में दरोगा के तेवर भी काफी आक्रोशित दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
दरअसल, गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसी दौरान कुछ छात्रों और विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज के बीच बातचीत का वीडियो सामने आया। वीडियो में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान दरोगा कथित तौर पर सख्त रवैया अपनाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि आंदोलन के दौरान पुलिस और प्रशासन को संयम के साथ स्थिति संभालनी चाहिए। उनका आरोप है कि छात्रों के साथ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने से विवाद और बढ़ सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
मामला सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वायरल वीडियो को लेकर पुलिस विभाग की ओर से क्या कार्रवाई या स्पष्टीकरण दिया जाता है। वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया और बातचीत के दौरान पूरा घटनाक्रम क्या था, इसकी तस्वीर पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
छात्रों पर FIR की तैयारी, छह नामजद
गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्र आंदोलन के बीच विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। विश्वविद्यालय के नियंता मंडल के सदस्यों के साथ कथित अभद्रता, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में छात्रों के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर में छह छात्रों को नामजद किया गया है, जबकि कई अन्य अज्ञात छात्रों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।मंगलवार को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर धरना दे रहे छात्रों से बातचीत करने के लिए नियंता मंडल के सदस्य पहुंचे थे।
तहरीर के मुताबिक, छात्रों से गेट खोलने और सरकारी कामकाज में बाधा नहीं डालने का आग्रह किया गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ छात्रों ने कथित तौर पर गोलबंद होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और नियंता मंडल के सदस्यों को दौड़ा लिया।आरोप है कि छात्रों ने जान से मारने की धमकी भी दी। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह नियंता मंडल के सदस्यों को वहां से बाहर निकाला।तहरीर में सतीश प्रजापति, सत्यम गोस्वामी, उज्ज्वल सिंह, विश्ववर्धन प्रताप, सागर और उत्कर्ष पांडेय समेत छह छात्रों को नामजद किया गया है। साथ ही कई अन्य अज्ञात छात्रों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।
विश्वविद्यालय की ओर से सोशल मीडिया के जरिए पिछले कई दिनों से जान से मारने की धमकी और नियंता मंडल के सदस्यों के साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाता है या नहीं।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट