Barwani News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर पेयजल पाइपलाइन में लीकेज और सड़क पर कीचड़ की समस्या काफी समय से बनी हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में इस परेशानी को देखते हुए RNI NEWS ने इस खबर को अपने प्लेटफॉर्म पर चलाया और फिर खबर का असर देखने को मिला है। दरअसल, खबर प्रसारित होने के बाद नगर पालिका ने लीकेज सुधारने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि, स्थानीय दुकानदारों और लोगों की मांग है कि बार-बार होने वाली इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए पुरानी पाइपलाइन की जगह नई लाइन बिछाई जाए।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बड़वानी जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने करीब डेढ़ महीने से पेयजल लाइन में लीकेज की समस्या बनी हुई थी। इसके कारण हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा था। सड़क पर कीचड़ जमा होने से मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, आसपास की मेडिकल और खाद्य सामग्री की दुकानों में भी गंदा पानी घुसने की शिकायत सामने आई थी। RNI NEWS ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नगर पालिका की ओर से लीकेज ठीक कराने की कार्रवाई शुरू की गई।

नगर पालिका प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने पहले बताया था कि पेयजल लाइन करीब 20 से 25 साल पुरानी है। पुरानी होने के कारण इसमें बार-बार लीकेज की समस्या आ रही है। वहीं, नगर पालिका कर्मी महेश वास्कले ने बताया कि अस्पताल के मुख्य गेट पर पाइपलाइन में दबाव बनने और वाहनों की आवाजाही के कारण लाइन बार-बार फूट जाती है। कर्मचारियों द्वारा लीकेज ठीक करने का काम किया जा रहा है और इसे जल्द दुरुस्त करने का प्रयास है।
स्थानीय दुकानदार हुजैफा सहित अन्य व्यापारियों का कहना है कि हर बार लीकेज की मरम्मत तो कर दी जाती है, लेकिन कुछ समय बाद समस्या दोबारा सामने आ जाती है। इससे सड़क खराब हो रही है और पेयजल की बर्बादी भी हो रही है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि अस्पताल गेट से लेकर पूरे प्रभावित मार्ग पर नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाए। इससे बार-बार होने वाले लीकेज, सड़क पर जमा कीचड़ और लोगों की परेशानी से स्थायी राहत मिल सकती है। स्थानीय लोगों ने उनकी समस्या उठाने के लिए RNI NEWS का आभार जताया है। अब देखना होगा कि नगर पालिका मरम्मत के बाद नई पाइपलाइन बिछाने की मांग पर कब तक कार्रवाई करती है।
ये भी पढ़ें: https://www.rninews.co.in/burhanpur-youth-congress-protest-gyanesh-kumar-champat-rai/