बड़वानी। नगर पालिका के विकास के दावों के बीच वार्ड नंबर 8 की तस्वीर कई सवाल खड़े कर रही है। रहवासियों का आरोप है कि वार्ड में 15 साल से पक्की सड़क नहीं बनी है। करीब 100 से अधिक परिवार सड़क, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या से जूझ रहे हैं। परेशान होकर महिला और पुरुष कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।
रहवासियों के मुताबिक, वार्ड ऊपर से नीचे तक फैला हुआ है, लेकिन कई हिस्सों में अब तक पक्की सड़क की सुविधा नहीं है। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण कचरा वाहन भी वार्ड के अंदर नहीं पहुंच पाता। लोगों का कहना है कि किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस को घर तक पहुंचने में परेशानी होती है। बारिश के दिनों में कीचड़ और फिसलन की वजह से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
वार्ड निवासी अनारसिंह का आरोप है कि वह वर्ष 2022 से सड़क की समस्या को लेकर नगर पालिका के चक्कर लगा रहे हैं। उनका कहना है कि हर बार जल्द समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ। रहवासियों का कहना है कि उनसे नियमित रूप से टैक्स लिया जाता है, लेकिन बदले में मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
मामले में रहवासियों की नाराजगी इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि जिस वार्ड की समस्या को लेकर वे शिकायत कर रहे हैं, उसी वार्ड के पार्षद नगर पालिका अध्यक्ष हैं। रहवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि उनसे वोट मांगने पहुंचे थे, लेकिन बाद में उनकी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
महिला रहवासी सुनीता ने सड़क और पानी की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वे जनसुनवाई में भी अपनी शिकायत लेकर पहुंच चुके हैं। उनका कहना है कि 15 साल से समस्या बनी हुई है और बारिश के दौरान परेशानी और बढ़ जाती है।फिलहाल कलेक्टर कार्यालय पहुंचे रहवासियों को समस्या के समाधान का आश्वासन मिला है। अब देखना होगा कि यह आश्वासन कब धरातल पर उतरता है और वार्ड नंबर 8 के लोगों को सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाएं कब मिलती हैं।