सीहोर/बुधनी। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के भेरूंदा क्षेत्र के लाड़कुई में वन विकास निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद मामला चर्चा में आ गया है। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर पांच लोगों के अतिक्रमण हटाए गए और वहां लगी फसल भी नष्ट की गई। इसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और प्रभावित लोगों से मुलाकात की।
कार्रवाई देखकर जताई नाराजगी
जानकारी के अनुसार, वन विकास निगम की ओर से वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की गई थी। इस दौरान कुछ मकानों को हटाया गया और खेतों में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचा। मौके पर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने प्रभावित परिवारों की स्थिति देखी और कार्रवाई को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
अधिकारियों पर कार्रवाई की बात
इसके बाद शिवराज सिंह चौहान वन विकास निगम के लाड़कुई डिपो पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कार्रवाई के दौरान मौजूद अधिकारियों की भूमिका पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
प्रभावित परिवारों को मदद का आश्वासन
शिवराज सिंह चौहान ने प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि राशि एकत्रित कर जरूरतमंद परिवारों की मदद की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद वन विकास निगम की अतिक्रमण हटाओ मुहिम और प्रभावित आदिवासी परिवारों को राहत देने का मुद्दा चर्चा में है।
रिपोर्ट: कन्हैया नाथ