1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. नवादा में बाल विवाह के खिलाफ 70 हजार लोगों ने ली शपथ

नवादा में बाल विवाह के खिलाफ 70 हजार लोगों ने ली शपथ

नवादा में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर जागरूकता अभियान चलाया गया। 70 हजार से अधिक लोगों ने बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ ली।

By: Nivedita 
Updated:
नवादा में बाल विवाह के खिलाफ 70 हजार लोगों ने ली शपथ

नवादा:  अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर नवादा जिले में बाल विवाह के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन, आईसीडीएस, महिला विकास निगम और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) एलायंस की रणनीतिक सहयोगी संस्था नेहा ग्रामीण महिला विकास समिति (NGMVS) के संयुक्त प्रयास से जिले में रैली, सामूहिक शपथ ग्रहण, परिचर्चा और कैंडल मार्च जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत अब तक जिले में 70 हजार से अधिक लोग बाल विवाह के खिलाफ शपथ ले चुके हैं।

250 छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, नवादा से हुई। यहां उप विकास आयुक्त शंभू शरण पाण्डेय ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में करीब 250 छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्राओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय तक रैली निकाली और बाल विवाह के खिलाफ नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और छात्र-छात्राओं को दिलाई शपथ

समाहरणालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ दिलाई। इस मौके पर उप विकास आयुक्त शंभू शरण पाण्डेय, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) निरुपमा शंकर, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रितेश कुमार और नेहा ग्रामीण महिला विकास समिति की सचिव मंजू देवी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

533 छात्राओं ने कैंडल जलाकर बाल विवाह के खिलाफ जताई एकजुटता

अभियान के तहत राजकीय अंबेडकर आवासीय बालिका +2 विद्यालय, नवादा में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेहा ग्रामीण महिला विकास समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार मिश्रा की उपस्थिति में 533 छात्राओं ने मोमबत्तियां जलाकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता दिखाई। इस दौरान छात्राओं ने वर्ष 2030 तक बाल विवाह समाप्त करने का संकल्प भी लिया।

नवादा में 70 हजार से अधिक लोग ले चुके हैं शपथ

जिले में चलाए जा रहे इस अभियान का असर व्यापक स्तर पर देखने को मिल रहा है। अब तक अनुमानित 70 हजार से अधिक लोग बाल विवाह के खिलाफ शपथ ले चुके हैं। इनमें बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनवाड़ी सेविकाएं, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और ग्रामीण समुदाय के लोग शामिल हैं।

Read More –  सासाराम में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान – RNI News

 

पंचायतों और गांवों में निकाले जा रहे कैंडल मार्च

अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली। वहीं, नेहा ग्रामीण महिला विकास समिति की ओर से विभिन्न पंचायतों और गांवों में कैंडल मार्च एवं मशाल जुलूस आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में स्थानीय महिलाओं के साथ बाल विवाह का दंश झेल चुकी महिलाएं भी नेतृत्व कर रही हैं।

वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य

वर्ष 2024 में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन एलायंस की पहल से शुरू हुए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को अब व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस घोषित किया जाना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

21 दिसंबर तक जारी रहेंगी जागरूकता गतिविधियां

सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत नेहा ग्रामीण महिला विकास समिति द्वारा नवादा जिले में 21 दिसंबर 2026 तक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसे रोकने के कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...