1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. भोपाल में CM मोहन यादव का बयान, बोले- भारत दुनिया का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र

भोपाल में CM मोहन यादव का बयान, बोले- भारत दुनिया का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र

संविधान गौरव दिवस पर भोपाल में आयोजित संगोष्ठी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और संविधान के महत्व पर विचार रखे। केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

By: Nivedita 
Updated:
भोपाल में CM मोहन यादव का बयान, बोले- भारत दुनिया का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र

भोपाल।  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा और मजबूत लोकतांत्रिक राष्ट्र है। देश ने कई राजनीतिक चुनौतियों और कठिन दौर का सामना करने के बावजूद अपनी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती से कायम रखा है। उन्होंने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं शक्तियों का प्रमुख स्रोत है। मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित प्रबुद्धजन विचार संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

आपातकाल के दौर में भी कायम रहा भारतीय लोकतंत्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करने वाले कदम उठाए गए। इसके बावजूद भारतीय लोकतंत्र की मूल भावना कमजोर नहीं हुई। उन्होंने कहा कि समय-समय पर कुछ राजनीतिक शक्तियों के कार्यों से संविधान की गरिमा को ठेस पहुंची, लेकिन आज देश में संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं को विशेष सम्मान दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी की पहल से मनाया जा रहा संविधान गौरव दिवस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा को विशेष महत्व मिला है। यह दिन देश के संविधान के निर्माण, उसकी यात्रा और लोकतांत्रिक आदर्शों को याद करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता है। प्रत्येक पांच वर्ष में होने वाले चुनावों के माध्यम से नागरिक अपनी पसंद के प्रतिनिधियों को चुनते हैं। संविधान ही शासन व्यवस्था को दिशा देने के साथ आम नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाता है।

संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश की विभूतियों का भी योगदान

डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण और उससे जुड़े विभिन्न विचार-विमर्श में मध्यप्रदेश की विभूतियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने देश के नाम भारत और इंडिया से जुड़े ऐतिहासिक विमर्श का उल्लेख करते हुए मध्य क्षेत्र और मध्य भारत की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता के विषय पर भी अपने विचार रखे और संविधान में समानता के सिद्धांत के महत्व को रेखांकित किया।

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि अनेक वीरों ने देश की आजादी और लोकतांत्रिक भविष्य के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की विशेषता यह है कि यह प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्रदान करता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई भी व्यक्ति अपनी मेहनत और योग्यता के आधार पर देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है।

गजेन्द्र सिंह शेखावत बोले- संविधान देता है न्याय और समानता का संदेश

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश के नागरिकों को न्याय, समानता, एकता और भाईचारे का रास्ता दिखाता है। उन्होंने संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल और अन्य सदस्यों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण की प्रक्रिया में महिला सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शेखावत ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर का सपना समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना था। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देशवासियों से अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की अपील की।

Read More –  CBSE Three Language Policy: तीन भाषा चुनने वाले छात्रों को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया नियम – RNI News

 

पूर्व न्यायाधीश रोहित आर्य ने बताया संविधान का महत्व

संगोष्ठी में उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश रोहित आर्य ने संविधान के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 से लागू किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान गौरव दिवस नागरिकों को उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

हेमंत खंडेलवाल ने बाबा साहेब के योगदान को किया याद

प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान के रूप में अमूल्य विरासत दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस को विशेष रूप से मनाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने महू स्थित बाबा साहेब की जन्मस्थली सहित उनके जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने के प्रयासों को उनके योगदान के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

संविधान के आदर्शों को अपनाने का संदेश

कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने नागरिकों से संविधान के मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक अधिकारों और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने की अपील की। संगोष्ठी में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और संवैधानिक कर्तव्यों के पालन को आवश्यक बताया गया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने परिसर में आयोजित संविधान आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...