पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक वयस्क बाघिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज के मनकी बीट अंतर्गत वन कक्ष क्रमांक पी-390 में बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। मृत बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा बुरी तरह फंसा हुआ मिला है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शिकार के लिए लगाए गए फंदे में फंसने के कारण बाघिन की जान गई।
जानकारी के अनुसार, मनकी गांव के पास जंगल में बाघिन का शव देखा गया। उसके गले में क्लच वायर से बना फंदा कसकर फंसा हुआ था। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए वन विभाग को आशंका है कि अज्ञात लोगों ने जंगली जानवरों के शिकार के लिए जंगल में फंदा लगाया होगा, जिसकी चपेट में बाघिन आ गई। प्रारंभिक अनुमान है कि फंदे के कारण गला दबने और दम घुटने से उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जिस स्थान पर बाघिन का शव मिला है, वह पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज से सटा हुआ वन क्षेत्र है। बाघिन के गले पर फंदे से बने घावों को देखकर यह संभावना भी जताई जा रही है कि वह कई दिन पहले इस जाल में फंस गई होगी।घायल होने के बाद वह जंगल में भटकती रही और अंततः उसकी मौत हो गई। हालांकि, इस घटनाक्रम की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बाघिन का शव मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। उप वनमंडलाधिकारी कृष्णा मरावी और पन्ना रेंजर अजय वाजपेई ने मौके का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड की सहायता से आसपास के जंगल में सर्चिंग कराई जा रही है। वन विभाग की टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फंदा किसने लगाया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पन्ना के जंगल में बाघिन की इस तरह मौत ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शिकार के उद्देश्य से लगाए गए तार के फंदे में फंसने की आशंका सही साबित होती है, तो यह जंगल में अवैध शिकार की गतिविधियों की गंभीरता को दर्शाता है। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुटा है। जांच पूरी होने के बाद ही बाघिन की मौत के कारणों और संभावित आरोपियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।