भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने गोरखपुर में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में तीन मंडलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, मंडलायुक्तों, पुलिस कमिश्नर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक और रेंज के डीआईजी शामिल हुए। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव के निर्देश पर पहुंची टीम ने निर्वाचन से जुड़े सभी प्रमुख बिंदुओं पर जिलावार समीक्षा की। अधिकारियों की ओर से प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की तैयारियों की जानकारी दी गई।
बैठक में मतदाताओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। सभी पोलिंग स्टेशनों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। इनमें महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पेयजल, छाया और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इसके साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जोड़ने पर जोर दिया गया। जिन मतदाताओं का नाम अभी सूची में शामिल नहीं है, उनका फॉर्म छह भरवाकर मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
मतदाताओं की शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। मोबाइल और लैंडलाइन से इस नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके साथ ही नेशनल ग्रिवांस सर्विस पोर्टल यानी एनजीएसपी के जरिए भी शिकायतों को दर्ज कराने और उनके निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों के समाधान के बाद नागरिकों की रेटिंग से भी अधिकारियों के कामकाज का आकलन किया जाएगा।
आगामी विधानसभा चुनाव को जीरो एरर और जीरो वायलेंस के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया गया। इसके लिए वल्नरेबिलिटी मैपिंग कर संवेदनशील गांवों, बस्तियों और इलाकों की पहचान की जाएगी। सेक्टर अधिकारी और पुलिस अधिकारी ऐसे क्षेत्रों का समय से भ्रमण करेंगे। भय या दबाव में रहने वाले मतदाताओं और उन्हें प्रभावित करने वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी, ताकि मतदाता बिना किसी डर और प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

चुनाव के दौरान निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस बार पोलिंग स्टेशनों पर व्यापक स्तर पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। पहले लगभग 50 प्रतिशत पोलिंग स्टेशनों पर वेबकास्टिंग होती थी, लेकिन इस बार सभी पोलिंग स्टेशनों पर वेबकास्टिंग की तैयारी की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में वेबकास्टिंग फीड की निगरानी होगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इससे चुनाव के दौरान मिलने वाली शिकायतों का भी त्वरित निस्तारण किया जा सकेगा।
मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाने के लिए जिले में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर शुरू किए गए हैं। यहां लोगों को मशीन के जरिए वोट डालने और वीवीपैट में यह देखने की जानकारी दी जा रही है कि उनका वोट सही प्रत्याशी को गया है या नहीं। दिसंबर महीने में मोबाइल ईवीएम वैन भी विभिन्न क्षेत्रों और पोलिंग स्टेशनों तक पहुंचेंगी। वीडियो और लाइव डेमोंस्ट्रेशन के जरिए ग्रामीण और शहरी मतदाताओं को मशीन की कार्यप्रणाली समझाई जाएगी, जिससे चुनाव के दिन किसी तरह की दुविधा न रहे।
पुलिस विभाग की तैयारियों और निर्वाचन संबंधी पुराने अपराधों की भी समीक्षा की गई। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में दर्ज मामलों की स्थिति देखी गई। किन मामलों में चार्जशीट दाखिल हुई, कहां फाइनल रिपोर्ट लगी, कितने मामले विचाराधीन हैं और कितने मामलों में सजा हुई, इसकी जानकारी ली गई। जिन मामलों में कमियां पाई गईं, उन्हें एक महीने के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। आयोग ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी अपराधों के मामलों की समीक्षा चुनाव समाप्त होने के बाद भी जारी रहेगी, जब तक वे अपने तार्किक निष्कर्ष तक नहीं पहुंच जाते।

निर्वाचन के दौरान अवैध शराब, नकदी, हथियार और ड्रग्स के परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रभावी चेकिंग व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए। अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं पर बने चेकपोस्टों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और निगरानी बढ़ाने पर चर्चा हुई। स्टैटिक सर्विलांस टीम और फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती तथा उनके कामकाज की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
चुनाव के दौरान जनरल ऑब्जर्वर, पुलिस ऑब्जर्वर, एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर और माइक्रो ऑब्जर्वर की भूमिका तथा उनके साथ समन्वय की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन कानूनों, आयोग के दिशा-निर्देशों, ऐप और चुनावी प्रक्रियाओं की ट्रेनिंग देने पर जोर दिया गया। मतदान कार्मिकों और पुलिसकर्मियों की तैनाती में रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। इस बार पुलिस विभाग के कार्मिकों का रैंडमाइजेशन पुलिस ऑब्जर्वर की मौजूदगी में कराया जाएगा। वहीं पीठासीन अधिकारियों और बूथ कर्मियों का थर्ड रैंडमाइजेशन पहले से ही ऑब्जर्वर के सामने होता रहा है।
बैठक का उद्देश्य अब तक निर्वाचन तैयारियों की स्थिति का आकलन करना, अधिकारियों की निर्वाचन कानूनों और आयोग के निर्देशों के प्रति जानकारी की समीक्षा करना तथा जिलों की भौगोलिक और प्रशासनिक स्थिति के अनुसार तैयारियों को परखना रहा। समीक्षा के दौरान जो कमियां सामने आईं, उन्हें समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, भयमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।